menu-icon
India Daily

पंजाब में जल्द शुरू होगी शिक्षकों की बंपर भर्ती, मान सरकार ने शिक्षा विभाग को दिए तेजी से प्रक्रिया पूरी करने के आदेश

पंजाब सरकार जल्द ही नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है. वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शिक्षा विभाग को भर्ती से जुड़ी सभी औपचारिकताएं तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
पंजाब में जल्द शुरू होगी शिक्षकों की बंपर भर्ती, मान सरकार ने शिक्षा विभाग को दिए तेजी से प्रक्रिया पूरी करने के आदेश
Courtesy: pinterest

पंजाब में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. भगवंत मान सरकार जल्द ही राज्य में नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है. शिक्षा विभाग ने इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और बहुत जल्द विभिन्न पदों पर आवेदन के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा.

कैबिनेट उपसमिति की बैठक में फैसला

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट उपसमिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया. बैठक में शिक्षा क्षेत्र की दस प्रमुख शिक्षक यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे. वित्त मंत्री ने कर्मचारियों की जायज मांगों को सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के त्वरित और सहानुभूतिपूर्वक समाधान के लिए प्रतिबद्ध है.

प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

बैठक के दौरान यूनियनों ने नई भर्ती, तबादलों और वेतन संशोधन से जुड़े मुद्दे उठाए. इस पर संज्ञान लेते हुए वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती से जुड़ी सभी औपचारिकताएं बिना किसी देरी के पूरी की जाएं. जिन प्रस्तावों पर कैबिनेट की मंजूरी जरूरी है, उन्हें भी तुरंत सरकार के समक्ष भेजने को कहा गया है.

कई कर्मचारी संगठन रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में बेरोजगार बीएड टीईटी पास अध्यापक यूनियन, ईटीटी टीईटी पास बैकलॉग यूनियन, कंप्यूटर शिक्षक यूनियन और हेड मास्टर एसोसिएशन समेत कई संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. सरकार ने लंबित मामलों के निपटारे के लिए शिक्षा विभाग को अन्य संबद्ध विभागों के साथ संयुक्त बैठक करने के निर्देश भी दिए हैं.