menu-icon
India Daily

उत्तराखंड: नैनीताल की हेरिटेज बिल्डिंग में भीषण आग, बचाव कार्य में जुटा दमकल विभाग 

Old London House Fire: मल्लीताल के मोहनको इलाके में मौजूद एक इमारत में अचानक आग लग गई. इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई है. राहत बचाव कार्य अभी जारी है.

Shilpa Shrivastava
उत्तराखंड: नैनीताल की हेरिटेज बिल्डिंग में भीषण आग, बचाव कार्य में जुटा दमकल विभाग 
Courtesy: X

Old London House Fire: उत्तराखंड के मल्लीताल के मोहनको इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में अचानक आग लग गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और उसका शव घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है. जैसे ही लोगों ने आग देखी, उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही प्रशासन ने स्थिति को संभाला और लगातार राहत बचाव कार्य जारी है. प्रशासन ने लोगों से कहा है कि वो शांति बनाए रखें. 

नैनीताल के SSP प्रह्लाद नारायण मीणा ने कहा, "एक घर में आग लग गई और जैसे ही हमें इसकी सूचना मिली, टीमें मौके पर पहुंच गईं... आग पर काबू पा लिया गया है... एक शव बरामद किया गया है..." 

पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने कहा, "...आग लगने का कारण जांच के बाद पता चलेगा... एक व्यक्ति के हताहत होने की सूचना है. हम परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे..."

नैनीताल के मल्लीताल स्थित मोहन चौराहे पर रात करीब 10 बजे एक पुराने मकान में आग लग गई. यह भवन ओल्ड लंदन हाउस के नाम से जाना जाता है. इसमें कई लोगों की हिस्सेदारी है. यह मकान लकड़ी का बना था, इसलिए आग ने जल्दी पकड़ ली. स्थानीय लोगों ने शुरुआत में बाल्टी, पाइप और फायर फाइटिंग इक्यूप्मेंट्स से आग बुझाने की कोशिश की. उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को भी सूचना दी. 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दमकल देर से पहुंची, जिससे आग फैल गई और पूरा भवन जलने लगा. आग इतनी तेज थी कि कोई अंदर नहीं जा सका. बताया जा रहा है कि घटना के समय भवन में वेल्डिंग का काम चल रहा था. दमकल की गाड़ियां आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचीं और पोस्ट ऑफिस रोड के हाइड्रेंट से पानी लिया गया.