फुटबॉल के मैदान से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. स्पेनिश फुटबॉल क्लब सीडी टेनेरिफ के 30 वर्षीय खिलाड़ी जीसस डी मिगुएल अलामेडा का निधन हो गया है. वीकेंड पर खेले गए लीग मुकाबले के दौरान गोलकीपर से जोरदार टक्कर के बाद उनके सीने में गंभीर चोट लगी थी. इसके बाद उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और अस्पताल की ICU में भर्ती कराया गया था. हालत बिगड़ने के बाद मंगलवार 3 नवंबर की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया.
यह दर्दनाक हादसा टेनेरिफ और एंडोरा के बीच खेले जा रहे लीग मुकाबले के दौरान हुआ. मैच में जीसस डी मिगुएल की एंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के दौरान डी मिगुएल के सीने पर गंभीर चोट लगी. इसके बाद उन्हें तत्काल मेडिकल मदद दी गई और अस्पताल ले जाया गया. उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ICU में भर्ती कराया गया.
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुकाबले को स्टॉपेज टाइम में ही रोकना पड़ा. मैच को आगे जारी नहीं किया जा सका. शुरुआत में क्लब की ओर से खिलाड़ी की हालत बेहद गंभीर बताई गई थी. बाद में जानकारी दी गई कि रातभर में उनकी स्थिति और बिगड़ गई. आखिरकार मंगलवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय समय के अनुसार उनका निधन हो गया.
सीडी टेनेरिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए अपने खिलाड़ी के निधन की जानकारी दी. क्लब ने कहा कि वह इस खबर से बेहद दुखी और स्तब्ध है. क्लब ने जीसस डी मिगुएल को याद करते हुए उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
जीसस डी मिगुएल के निधन की खबर सामने आने के बाद स्पेन के कई बड़े फुटबॉल क्लबों ने भी शोक जताया. एस्पेनयोल ने इस घटना पर दुख और हैरानी जाहिर करते हुए खिलाड़ी के परिवार, करीबियों और सीडी टेनेरिफ के प्रति संवेदना व्यक्त की. लास पालमास ने भी जीसस डी मिगुएल के निधन पर शोक व्यक्त किया.
क्लब ने उनके परिवार, दोस्तों, साथी खिलाड़ियों और टेनेरिफ से जुड़े सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं. एटलेटिको मैड्रिड ने भी शोक संदेश जारी करते हुए खिलाड़ी के परिवार, दोस्तों, सीडी टेनेरिफ के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताई. मैदान पर हुई इस दुखद घटना ने फुटबॉल जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है.