उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के मध्यम वर्ग के लिए परिवर्तनकारी बताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में कहा कि इस दौरान कई ऐसी नीतियां लागू हुईं, जिन्होंने आम लोगों के जीवन को आसान बनाया है.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बीते वर्षों में डिजिटल भुगतान व्यवस्था का तेजी से विस्तार हुआ है. इससे लेन-देन पहले की तुलना में अधिक सरल, सुरक्षित और पारदर्शी बना है. उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित सेवाओं के प्रसार ने आम नागरिकों को सुविधाएं प्रदान की हैं और देश को डिजिटल अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाया है. उनके अनुसार, इसका सबसे अधिक लाभ मध्यम वर्ग और छोटे कारोबारियों को मिला है.
धामी ने कहा कि सड़क, रेलवे और हवाई संपर्क के क्षेत्र में हुए विकास ने देश की तस्वीर बदलने का काम किया है. आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं ने न केवल यात्रा को आसान बनाया है, बल्कि व्यापार और निवेश के अवसरों को भी बढ़ावा दिया है. उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा लाभ आम नागरिकों और उद्योग जगत दोनों को मिल रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि किफायती आवास योजनाओं, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा व कौशल विकास के अवसरों ने युवाओं के लिए नई संभावनाएं पैदा की हैं. साथ ही उद्यमिता और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों ने रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने विश्वास जताया कि ये पहलें भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को मजबूती प्रदान कर रही हैं.