देहरादून में रात के समय आपराधिक गतिविधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया. शनिवार देर रात एसपी सिटी शेखर सुयाल खुद पुलिस टीमों के साथ सड़कों पर उतरे और अलग अलग स्थानों पर वाहनों की जांच की. अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की. कुल 90 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 16 वाहनों को सीज किया गया.
पुलिस टीमों ने नगर क्षेत्र में देर रात वाहन चेकिंग की. इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कई तरह के उल्लंघन सामने आए. रैश ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, काली फिल्म, बिना हेलमेट वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर और गलत नंबर प्लेट जैसे मामलों में कार्रवाई की गई. इन नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई. चेकिंग के दौरान नौ बुलेट मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर पाए गए. पुलिस ने इन वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया और मॉडिफाइड साइलेंसर भी उतरवाए.
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान अलग अलग धाराओं में कुल 16 वाहनों को सीज किया गया. इसके अलावा 57 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए, जबकि 32 वाहनों के नकद चालान किए गए. नकद चालान की कार्रवाई से पुलिस को कुल 23,500 रुपये का संयोजन शुल्क प्राप्त हुआ. पुलिस का कहना है कि रात के समय यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य था.
वाहन चेकिंग के साथ पुलिस ने देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों की भी जांच की. अभियान के दौरान 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई. इनमें से 12 संदिग्ध लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई. इन चालानों से 3,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया. रात के समय आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को भी दिशा निर्देश दिए हैं. SSP प्रमेंद्र डोबाल ने सभी थानाध्यक्षों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में रात के समय निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.
पुलिस का फोकस ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखने पर है, जहां देर रात लोगों की आवाजाही अधिक रहती है. इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है.