menu-icon
India Daily

पंजाब में BJP का नशा विरोधी अभियान तेज, आज बठिंडा से 'नशा मुक्त यात्रा' को हरी झंडी दिखाएंगे शिवराज

केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे. वह तलवंडी साबो में तख्त श्री दमदमा साहिब में मत्था टेकने के बाद भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ में शामिल होंगे.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब में BJP का नशा विरोधी अभियान तेज, आज बठिंडा से 'नशा मुक्त यात्रा' को हरी झंडी दिखाएंगे शिवराज
Courtesy: ANI

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को पंजाब पहुंचेंगे. अपने दौरे की शुरुआत वह तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब में मत्था टेककर करेंगे. इसके बाद सुबह करीब 10 बजे रविदासिया चौक स्थित दाना मंडी से 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' को रवाना करेंगे. यह भाजपा की ओर से राज्य में निकाली जा रही चौथी यात्रा होगी.

इसके बाद चौहान मैसरखाना में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. बठिंडा में उनका किसानों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद का भी कार्यक्रम है. इस दौरान खेती-किसानी और स्थानीय स्तर के मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है.

18 सितंबर से चल रहा अभियान

भाजपा ने पंजाब में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत 18 सितंबर से ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू की है. अभियान के तहत राज्य के अलग-अलग हिस्सों से यात्राएं निकाली जा रही हैं. पहली यात्रा 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर से शुरू हुई थी, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रवाना किया था. इसके बाद 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से दूसरी यात्रा निकली, जबकि तीसरी यात्रा 20 सितंबर को फाजिल्का के सादिकी बॉर्डर स्थित युद्ध स्मारक के पास से शुरू की गई. इसे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हरी झंडी दिखाई.

नशे के मुद्दे पर जनजागरूकता का दावा

भाजपा के मुताबिक, इस अभियान का उद्देश्य पंजाब में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाना और नशा-मुक्त पंजाब के लिए पार्टी की योजना को जनता तक पहुंचाना है. पार्टी नेताओं ने इसे नशे के खिलाफ व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की बात कही है. चार अलग-अलग स्थानों से शुरू की गई यात्राओं के जरिए पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया जा रहा है. वरिष्ठ भाजपा नेताओं की भागीदारी के साथ अभियान को राज्य स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है. नशे का मुद्दा पंजाब में लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक चर्चा का विषय रहा है. ऐसे में भाजपा का यह अभियान इसी मुद्दे को केंद्र में रखकर लोगों तक पहुंच बनाने की कोशिश के तौर पर सामने आया है.