उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दूसरे चरण को लेकर कांग्रेस ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने फिलहाल देहरादून में प्रस्तावित परिवर्तन संकल्प यात्रा को 15 अगस्त तक स्थगित कर दिया है, ताकि कार्यकर्ता पूरी तरह से मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की निगरानी कर सकें. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्तमान समय में सबसे महत्वपूर्ण विषय SIR का दूसरा चरण है. इसी कारण सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रदेशभर में मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पर लगातार नजर रखें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे.
कांग्रेस ने विशेष रूप से उन मामलों पर नजर रखने का फैसला किया है, जिनमें फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं. पार्टी का कहना है कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम जानबूझकर हटाने की कोशिश की जाती है, तो ऐसे मामलों को उजागर किया जाएगा और संबंधित कार्रवाई की मांग की जाएगी. मतदाताओं की सहायता के लिए कांग्रेस ने देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कंट्रोल रूम शुरू कर दिया है. इसका उद्घाटन प्रदेश महामंत्री (संगठन) राजेंद्र भंडारी की मौजूदगी में किया गया. कंट्रोल रूम के माध्यम से मतदाताओं की शिकायतें सुनी जाएंगी और निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी व सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.
कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जिलों में निगरानी समितियां भी गठित की हैं. इन समितियों की जिम्मेदारी होगी कि वे निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नोटिसों और मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पर नजर रखें. साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहें.
पार्टी के अनुसार, SIR के दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 अगस्त के बाद परिवर्तन संकल्प यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा. फिलहाल कांग्रेस का पूरा ध्यान मतदाता सूची की निगरानी और मतदाताओं की सहायता पर केंद्रित रहेगा.