menu-icon
India Daily

'सरकार फैसला कर ले... झारखंड के जंतर-मंतर से छात्रों की हुंकार, JPSC विवाद पर उबाल

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
'सरकार फैसला कर ले... झारखंड के जंतर-मंतर से छात्रों की हुंकार, JPSC विवाद पर उबाल
Courtesy: @kunal_artistic

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम आंदोलन का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं. प्रदर्शन 25 जुलाई से जारी है और अब भूख हड़ताल तक पहुंच चुका है.छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई. प्रदर्शनकारी परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने, नियमित भर्ती के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग कर रहे हैं. आंदोलन स्थल पर लगातार छात्रों और समर्थकों की मौजूदगी बनी हुई है.

दो गुटों में बंटा आंदोलन, मांगें बरकरार

आंदोलन के दौरान छात्र दो अलग-अलग समूहों में नजर आ रहे हैं, लेकिन दोनों की प्रमुख मांगें समान हैं. अभ्यर्थियों का आरोप है कि 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं. उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी TDPL के माध्यम से हुई परीक्षा को निरस्त कर पारदर्शी तरीके से दोबारा कराया जाना चाहिए.

भूख हड़ताल पर बैठे कई अभ्यर्थी

प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र आमरण अनशन पर भी बैठे हैं. एक समूह का नेतृत्व देवेंद्र महतो कर रहे हैं, जबकि दूसरे समूह में ब्रह्मानंद सहित अन्य अभ्यर्थी भी भूख हड़ताल पर हैं. प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों का कहना है कि वे केवल निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं. आंदोलन स्थल पर लगातार छात्र अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रख रहे हैं.

छात्रों ने रखीं रोजगार और पारदर्शिता की मांग

आंदोलन में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें योजनाओं से अधिक पारदर्शी भर्ती और रोजगार की आवश्यकता है. कई छात्र दावा कर रहे हैं कि यदि परीक्षा निष्पक्ष तरीके से होती तो उनका चयन संभव था. प्रदर्शनकारी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्ध परीक्षाओं के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम बना आंदोलन का केंद्र

रांची का जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम इन दिनों छात्र आंदोलन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का नैतिक समर्थन देने पहुंच रहे हैं. आंदोलन स्थल पर शांतिपूर्ण तरीके से धरना और अनशन जारी है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना है.

CID जांच जारी, कई पहलुओं की हो रही पड़ताल

JPSC परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितता मामले की जांच सीआईडी कर रही है. जांच के दौरान JPSC से जुड़े कुछ कर्मियों और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी TDPL से संबंधित लोगों के पास छात्रों की OMR शीट और एडमिट कार्ड मिलने की बात सामने आई है. सीआईडी कुछ सफल अभ्यर्थियों से भी OMR शीट मांग चुकी है. मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. ख्यांगते से पूछताछ जारी है. जांच एजेंसियां उनके विदेश दौरों और TDPL से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही हैं.