menu-icon
India Daily

'यह भारत के गौरव का स्वर्णिम अध्याय...', पीएम मोदी के 12 साल पर धामी ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने इस अवधि को भारत के लिए स्वर्णिम अध्याय बताया. चलिए जानते हैं उन्होंने और क्या कहा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'यह भारत के गौरव का स्वर्णिम अध्याय...', पीएम मोदी के 12 साल पर धामी ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
Courtesy: @pushkardhami X Account

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी है. उन्होंने इस अवधि को भारत के विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक पहचान का स्वर्णिम अध्याय बताया है.

मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच X पर एक संदेश जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस दौरान देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है.

धामी ने आगे क्या कहा?

धामी ने कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय में गरीब कल्याण योजनाओं को गति मिली है. साथ ही देश में बुनियादी ढांचे के विकास को नई दिशा मिली है. उन्होंने डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका को भी इस अवधि की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने विकसित भारत के लक्ष्य को नई ऊर्जा प्रदान की है. उनके अनुसार केंद्र सरकार की नीतियों ने देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी विकास और जनकल्याण की यह यात्रा जारी रहेगी.

उत्तराखंड के संदर्भ में धामी ने कहा कि राज्य में भी पिछले वर्षों के दौरान कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं. उन्होंने ऑल वेदर रोड परियोजनाओं, दूरदराज क्षेत्रों तक बेहतर संपर्क, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने जैसे कार्यों का उल्लेख किया.

और किस क्षेत्र में हुआ विकास?

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है. साथ ही पर्यटन क्षेत्र को भी मजबूती मिली है. उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए सुविधाओं और सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में बेहतर हुई है.

धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में दिखाई देने वाला यह परिवर्तन देशभर में चल रही विकास आधारित सोच का प्रतिबिंब है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से विकास कार्यों को गति मिली है और जनता को इसका लाभ मिल रहा है.

प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने पिछले 12 वर्षों को राष्ट्र निर्माण की अविस्मरणीय यात्रा बताया. उन्होंने कहा कि विकास, आत्मनिर्भरता और जनहित पर आधारित प्रयास भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे.