menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में हरित परिवहन को मिली नई रफ्तार, सीएम धामी ने बांटे सब्सिडी के चेक

उत्तराखंड सरकार ने स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत लाभार्थियों को सब्सिडी चेक वितरित किए और स्वच्छ ईंधन आधारित 11 वाहनों को रवाना किया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरित परिवहन को भविष्य की जरूरत बताया.

KanhaiyaaZee
उत्तराखंड में हरित परिवहन को मिली नई रफ्तार, सीएम धामी ने बांटे सब्सिडी के चेक
Courtesy: ANI

देहरादून: उत्तराखंड में स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत लाभार्थियों को सब्सिडी चेक सौंपे और स्वच्छ ईंधन से संचालित 11 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. सरकार का उद्देश्य प्रदूषण कम करने के साथ आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छह प्राथमिक लाभार्थियों को पूंजीगत अनुदान और प्रोत्साहन राशि के चेक सौंपे. परिवहन विभाग ने पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी और स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वच्छ ईंधन आधारित 11 वाहनों को फ्लैग ऑफ किया. उन्होंने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्रदेश को स्वच्छ परिवहन की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प है.

प्रदूषण घटाने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति का मकसद शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाना है. इसके जरिए पुराने डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम किया जाएगा और सीएनजी सहित अन्य स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को बढ़ावा मिलेगा. उनका कहना था कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलें, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकेगा.

हरित विकास की दिशा में कई पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में इलेक्ट्रिक बसों का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है. देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में ई-बस सेवाओं का विस्तार हो रहा है. साथ ही पूरे प्रदेश में ईवी चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं ताकि स्वच्छ ऊर्जा से चलने वाले वाहनों के उपयोग में किसी तरह की परेशानी न हो.

रोप-वे और सौर ऊर्जा पर भी फोकस

धामी ने बताया कि राज्य सरकार आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली और रोप-वे परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी. उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना में उत्तराखंड ने तय लक्ष्य से पहले उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है.

जनभागीदारी से सफल होगा अभियान

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को हरित परिवहन अभियान का अग्रदूत बताते हुए कहा कि उनके प्रयास अन्य वाहन संचालकों को भी प्रेरित करेंगे. उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की. कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.