menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में बारिश का कहर; ऑरेंज अलर्ट के बीच सीएम धामी ने संभाली कमान; अफसरों को दिए सख्त निर्देश

उत्तराखंड में लगातार बारिश और आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की. सभी विभागों को 24 घंटे अलर्ट रहने, राहत कार्य तेज करने और बंद सड़कों को जल्द खोलने के निर्देश दिए.

KanhaiyaaZee
उत्तराखंड में बारिश का कहर; ऑरेंज अलर्ट के बीच सीएम धामी ने संभाली कमान; अफसरों को दिए सख्त निर्देश
Courtesy: Pinterest

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है. मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा की. उन्होंने विभिन्न जिलों में बारिश, बंद सड़कों, नदियों के जलस्तर, जलभराव और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बिना किसी देरी के राहत और बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से राज्यभर की स्थिति का विस्तृत ब्यौरा लिया. समीक्षा के दौरान जिलों में हो रही बारिश, नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर, जलभराव, सड़क बंद होने और राहत कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने सभी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

24 घंटे अलर्ट पर रहेगा प्रशासन

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया. सभी राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों से कहा गया कि हर घटना पर लगातार नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत समन्वित कार्रवाई करें.

राहत कार्यों में नहीं होनी चाहिए देरी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य शुरू करने में एक पल की भी देरी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और प्रभावित क्षेत्रों तक जरूरी संसाधन तुरंत पहुंचाने के निर्देश दिए. साथ ही जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हालात का आकलन करने को कहा.

बंद सड़कों को जल्द खोलने के निर्देश

लगातार बारिश के कारण बंद हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के आदेश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जेसीबी, पोकलैंड मशीन, डोजर और अन्य आवश्यक उपकरण पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए जाएं. उनका उद्देश्य जल्द से जल्द यातायात बहाल करना और राहत कार्यों को बिना किसी रुकावट के जारी रखना है.

मौसम को लेकर सतर्क रहने की अपील

राज्य सरकार ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है. प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है. अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत दल भी तैनात किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.