देहरादून: उत्तराखंड सरकार राज्य के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोडने की दिशा में लगातार काम कर रही है. इसी कडी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में 235 करोड रुपये से अधिक लागत वाली गंगा कॉरिडोर से जुडी तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां हर वर्ष देश और विदेश से करोडों श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में यात्रियों की सुविधा, सुगम आवागमन और बेहतर आधारभूत ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकता है. गंगा कॉरिडोर से जुडी नई परियोजनाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
प्रदेश के आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्वरूप को सुदृढ़ बनाने के लिए विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। इसी क्रम में हरिद्वार में ₹235 करोड़ से अधिक की लागत से गंगा कॉरिडोर से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा… pic.twitter.com/PeznBpfUnh
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 28, 2026Also Read
सरकार का मानना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद हरिद्वार का पर्यटन और अधिक सशक्त होगा. इससे स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय, परिवहन और छोटे कारोबारों को भी नया अवसर मिलेगा. धार्मिक पर्यटन के विस्तार से रोजगार के नए साधन विकसित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ आगे बढ़ा रही है. गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं में आधुनिक सुविधाओं के साथ हरिद्वार की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को सुरक्षित रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. इससे आने वाली पीढियों को भी इस धरोहर का लाभ मिल सकेगा.
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों का चरणबद्ध विकास किया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है. हरिद्वार की नई परियोजनाएं इसी व्यापक विकास योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनके पूरा होने से शहर की पहचान और अधिक मजबूत होगी.