मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के चार सफल अभियानों का फ्लैग-इन किया. इस दौरान उन्होंने अभियान में शामिल सभी पर्वतारोहियों को बधाई दी और कठिन परिस्थितियों में उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी क्षमता और टीमवर्क की सराहना की.
सीएम धामी ने कहा कि पर्वतारोहियों की उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ देश के युवाओं को भी साहसिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करेंगी. उन्होंने कहा कि NIM ने पर्वतारोहण, साहसिक खेल, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है.
NIM और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के संयुक्त अभियान के तहत अर्जेंटीना की 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ चोटी पर सफल आरोहण किया गया. अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया. छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को चोटी पर पहुंचकर सफलता हासिल की. इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक से रवाना किया था. NIM के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया.
अभियान दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया. इसके बाद 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन पर भी दल ने सफलता हासिल की. इस तरह एक ही अभियान के दौरान टीम ने नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन प्रमुख चोटियों पर सफल आरोहण किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए काफी संभावनाएं रखती हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में साहस और नेतृत्व की भावना विकसित करने के साथ राज्य की पहचान को देश और दुनिया में मजबूत करने में भी योगदान देते हैं.
कार्यक्रम में विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित संस्थान के अधिकारी और अभियान सदस्य मौजूद रहे.