menu-icon
India Daily

3 साल में बिखर गया अतीक अहमद का परिवार, बेटे की मौत से फिर टूटा कुनबा

तीन वर्षों में अतीक अहमद का परिवार पूरी तरह बिखर गया. खुद अतीक और उसका बेटा असद मारे गए, सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हुई, दो बेटे जेल में हैं और पत्नी शाइस्ता अब भी फरार है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
3 साल में बिखर गया अतीक अहमद का परिवार, बेटे की मौत से फिर टूटा कुनबा
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के चर्चित माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के परिवार पर पिछले तीन वर्षों में लगातार बड़े संकट आए हैं. बेटे असद के एनकाउंटर, अतीक और अशरफ की हत्या और अब सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार लगभग पूरी तरह बिखर चुका है.

अबान की सड़क हादसे में मौत

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक वह अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में हादसा हुआ, जिसमें उसकी जान चली गई. अबान अपने भाई अहजम के साथ प्रयागराज के हटवा गांव में अपनी बुआ के घर रह रहा था. उमेश पाल हत्याकांड के बाद प्रयागराज के चकिया स्थित अतीक का पुश्तैनी मकान भी प्रशासन की कार्रवाई में ध्वस्त हो चुका था. परिवार की मौजूदा स्थिति यह है कि दो बेटे जेल में हैं, पत्नी शाइस्ता परवीन फरार है और अब परिवार के बेहद कम सदस्य ही बाहर हैं.

तीन साल में बदल गई पूरे परिवार की तस्वीर

कुछ साल पहले तक अतीक अहमद के परिवार का शहर में बड़ा प्रभाव माना जाता था. उसके पांचों बेटे अलग-अलग गाड़ियों से चलते थे और उनके साथ सुरक्षा में कई लोग मौजूद रहते थे. परिवार के बच्चों की पढ़ाई शहर के प्रतिष्ठित स्कूल में हुई थी. सबसे बड़े बेटे उमर ने कानून की पढ़ाई की. वहीं अन्य बेटे अलग-अलग गतिविधियों में शामिल रहे. अबान को पढ़ाई से ज्यादा क्रिकेट पसंद था और वह आसपास के युवाओं के साथ अक्सर खेलता था लेकिन 2023 के बाद हालात तेजी से बदल गए. परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति लगातार कमजोर होती गई और कई सदस्य कानूनी मामलों में फंस गए.

उमेश पाल हत्याकांड के बाद तेजी से बदले हालात

24 फरवरी 2023 को उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई. इस मामले में अतीक अहमद के बेटे असद अहमद का नाम सामने आया. बाद में 13 अप्रैल 2023 को उत्तर प्रदेश एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में असद की मौत हो गई. इसके दो दिन बाद प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इसके बाद से परिवार लगातार मुश्किलों में घिरा रहा. फिलहाल उमर और अली अहमद जेल में बंद हैं. वहीं शाइस्ता परवीन और अशरफ की पत्नी जैनब पुलिस रिकॉर्ड में फरार और इनामी घोषित हैं. अबान की मौत के बाद परिवार पर एक और बड़ा दुख आ गया है.