menu-icon
India Daily

यूपी पुलिस परीक्षा देने जा रही थीं दो लड़कियां, ऑटो चालक ने की छेड़छाड़, लखनऊ पुलिस ने किया एनकाउंटर

यूपी पुलिस परीक्षा देने जा रही दो युवतियों से लखनऊ में ऑटो चालक ने छेड़छाड़ की. लखनऊ पुलिस एनकाउंटर में आरोपी हसीब के पैर में गोली लगी, तमंचा और कारतूस बरामद हुए.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
यूपी पुलिस परीक्षा देने जा रही थीं दो लड़कियां, ऑटो चालक ने की छेड़छाड़, लखनऊ पुलिस ने किया एनकाउंटर
Courtesy: Pinterest

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी पुलिस परीक्षा की खबर के बीच एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. लखनऊ पुलिस एनकाउंटर में ऑटो चालक हसीब को पैर में गोली मारी गई. हसीब पर आरोप है कि उसने सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को सुनसान इलाके में ले जाकर उनके साथ छेड़छाड़ और मारपीट की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और रात के अंधेरे में घेराबंदी कर उसे दबोचा.

दोनों युवतियां लखीमपुर जिले से ट्रेन से पहुंची थीं और रायबरेली के लिए बस पकड़नी थी. रेलवे स्टेशन से बस अड्डे तक जाने के लिए वे हसीब के ऑटो में बैठीं. आरोपी ने बस अड्डे की बजाय उन्हें एक सुनसान जगह ले जाकर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर पिटाई भी की. शोर मचाने पर हसीब मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

दोनों पीड़ित युवतियों ने नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने उनकी रिपोर्ट लिखकर उन्हें यूपी पुलिस का पेपर देने के लिए रायबरेली भेजा. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी हसीब की पहचान की. देर रात लखनऊ के पारा इलाके में पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद हसीब ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.

लखनऊ ऑटो ड्राइवर एनकाउंटर में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और गोली हसीब के पैर में लगी. घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और ऑटो बरामद किया. जांच में सामने आया कि हसीब पहले भी हरदोई में दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है.