menu-icon
India Daily

UP Lok Sabha Election 2024: 7 चरणों में होगा 80 सीटों पर मतदान, जानें किस फेज में कहां होगा सियासी घमासान

UP Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव के लिए आज तारीखों का ऐलान कर दिया गया. राज्य की सभी 80 लोकसभा सीटों पर सातों चरणों में मतदान कराया जाएगा. तारीखों के ऐलान के बाद से राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है.

India Daily Live
UP Lok Sabha Election 2024: 7 चरणों में होगा 80 सीटों पर मतदान, जानें किस फेज में कहां होगा सियासी घमासान

Lok sabha Elections 2024 Dates Announced in Uttar Pradesh: चुनाव आयोग ने देश के आगामी लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है, इसके तहत देश की 543 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में चुनाव कराया जाएगा. इस दौरान उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटों पर भी चुनाव 7 चरणों के दौरान ही आयोजित किए जाएंगे.

चुनाव का पहला चरण 19 अप्रैल से शुरू होगा, जबकि सातवां और आखिरी चरण एक जून को कराया जाएगा जबकि मतदान के नतीजे 4 जून को आएंगे. चुनाव आयोग  लोकसभा चुनावों के लिए तारीखों के ऐलान के बाद से उत्तर प्रदेश में आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. राज्य में न तो अब अधिकारियों के तबादले हो सकेंगे और न ही किसी तरह के विकास कार्यों या फिर लोकलुभावन योजनाओं का ऐलान किया जा सकेगा.

चुनाव आयोग

मैप से समझें उत्तर प्रदेश में किस फेज में किन सीटों पर होगा चुनाव. 

जानिए कब किस जिले में होगा चुनाव?

फेस-1 (19 अप्रैल) को सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत लोकसभा सीट पर चुनाव होगा.

फेस-2 (26 अप्रैल) को अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा लोकसभा सीट पर मतदान होगा.

फेस-3 (7 मई) को संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं और आवंला लोकसभा सीट पर चुनाव होगा.

फेस-4 (13 मई) को शाहजहांपुर, खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर और बहराइच लोकसभा सीट पर मतदान होगा.

फेस-5 (20 मई) को मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोंडा लोकसभा सीट पर चुनाव होगा. 

फेस-6 (25 मई) को सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद (प्रयागराज), अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही लोकसभा सीट पर चुनाव होगा.

फेस-7 (1 जून) को महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट पर चुनाव होगा. 

80 सीटों पर किस-किस में होगी भिड़ंत

राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से 50 से ज्यादा सीटों के लिए NDA ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. बाकी बची हुए सीटों पर जल्द ही अन्य उम्मीदवारों के ऐलान की संभावना है. राज्य में मुख्य मुकाबला एनडीए, INDIA गठबंधन और बसपा के बीच है.

एनडीए में भाजपा के अलावा, अपना दल, निषाद पार्टी, सुभासपा, रालोद शामिल है. NDA का मुकाबला करने के लिए उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन एक साथ आया है, जिसमें समाजवादी पार्टी, कांग्रेस शामिल है. मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी. 

15.29 करोड़ मतदाता चुनेंगे सांसद

चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद से राज्य की कुल 80 सीटों पर कुल 15.29 करोड़ मतदाता सभी पार्टियों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे. लोकसभा चुनाव के लिए जनवरी में ही नई वोटर लिस्ट तैयार की गई है, जिसमें 15 करोड़, 29 लाख, 24 हजार वोटर्स के नाम दर्ज हैं. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 8 करोड़ 14 लाख 33 हजार 752 है, जबकि महिला वोटर्स की संख्या 7 करोड़ 14 लाख 82 हजार है. वहीं, थर्ड जेंडर के वोटर्स की संख्या 7 हजार 705 है. 

राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, वोटर लिस्ट में 31 लाख 19 हजार फर्जी, डुप्लीकेट व मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जबकि 57 लाख 3 हजार 304 नए मतदाता जोड़े गए हैं. वोटर लिस्ट में जिन मतदाताओं को जोड़ा गया है, उसमें पुरुषों की संख्या 25 लाख 77 हजार 967 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 31 लाख 24 हजार 901 और 436 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं. खास बात ये कि कुल 15.57 लाख युवा वोटर्स के नाम भी मतदाता सूची में जोड़े गए हैं, जिसके बाद राज्य में युवा वोटर्स की संख्या बढ़कर 20.41 लाख हो गई है. नई वोटर लिस्ट में 10.50 लाख मतदाता ऐसे हैं, जो दिव्यांग हैं. वहीं, राज्य में पोलिंग स्टेशन की संख्या 1 लाख 62 हजार 12 हो गई है. 

सबसे जरूरी बात.... अगर छूट गए हैं, तो वोटर लिस्ट में ऐसे जुड़वाए नाम

अगर आप उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं, तो आप ऑनलाइन या ऑफलाइन वोटर लिस्ट में अपने नाम जुड़वा सकते हैं. ऑफलाइन माध्यम में बूथ लेबल अफसर, इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अफसर के ऑफिस, वोटर्स रजिस्ट्रेशन सेंटर शामिल है, जहां आप जाकर अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं. इसके अलावा, आप http://voterportal.eci.gov.in या फिर https://voters.eci.gov.in या voter helpline app के जरिए भी मतदाता लिस्ट में अपना नाम शामिल करा सकते हैं. 

2019 में सभी 7 चरणों में उत्तर प्रदेश में हुई थी वोटिंग

पिछली बार के लोकसभा चुनाव यानी 2019 में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर 7 चरणों में मतदान कराए गए थे. पहले चरण में 8, दूसरे चरण में 8, तीसरे चरण में 10, चौथे चरण में 13, पांचवे चरण में 14, छठे चरण में 14 और सातवें चरण में 12 लोकसभा सीटों पर मतदान कराए गए थे.

2019 में क्या रहे थे चुनावी नतीजे

2019 में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से सबसे अधिक 64 लोकसभा सीटों पर NDA ने जीत दर्ज की थी. इसमें भाजपा ने 62 जबकि अपना दल (सोनेलाल) ने 2 सीटों पर कब्जा किया था. 

इसके अलावा, महागठबंधन में शामिल मायावती की बसपा ने 10 जबकि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को 5 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल हुई थी. महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोक दल को एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली थी. वहीं, उत्तर प्रदेश में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को मात्र एक सीट (रायबरेली) पर जीत हासिल हुई थी. 

सम्बंधित खबर