उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने नए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में आधुनिक तकनीक आधारित कोर्स शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है. इसका उद्देश्य छात्रों को बदलते उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. राज्य सरकार का मानना है कि नई पीढ़ी को पारंपरिक इंजीनियरिंग के साथ उभरती तकनीकों का ज्ञान देना समय की मांग है. इसी दिशा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, डाटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी और इंडस्ट्री 4.0 जैसे विषयों को पढ़ाई का हिस्सा बनाया जाएगा.
प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने मीरजापुर, प्रतापगढ़, बस्ती और गोंडा के नए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों की प्रशासकीय परिषद की बैठक में शैक्षणिक तैयारियों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेजों में ऐसे कोर्स शुरू किए जाएंगे, जो भविष्य के रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप हों.
सरकार का कहना है कि इन चार नए कॉलेजों के शुरू होने से पूर्वांचल और मध्य उत्तर प्रदेश के हजारों छात्रों को इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे छात्रों का समय और खर्च दोनों कम होंगे तथा उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा मिलेगी.
नई व्यवस्था में स्थानीय उद्योगों के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा. इसके जरिए छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही इंटर्नशिप के अवसर मिलेंगे. साथ ही उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण देकर बेहतर प्लेसमेंट सुनिश्चित करने की भी योजना बनाई गई है, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता मजबूत होगी.
सरकार ने प्रत्येक नए इंजीनियरिंग कॉलेज में इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने का भी फैसला किया है. इन केंद्रों के माध्यम से छात्रों को स्टार्टअप शुरू करने के लिए मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता और नवाचार को बढ़ावा देने वाला वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा.
राज्य सरकार का मानना है कि आधुनिक तकनीकी शिक्षा, उद्योगों से जुड़ाव और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोले जा सकते हैं. इसी उद्देश्य से नए इंजीनियरिंग कॉलेजों का शैक्षणिक ढांचा तैयार किया जा रहा है, ताकि छात्र पढ़ाई पूरी करते ही बेहतर करियर की दिशा में आगे बढ़ सकें.