menu-icon
India Daily

योगी सरकार का आज सबसे बड़ा ऐलान, करोड़ों छात्रों और लाखों शिक्षकों को मिलेगी बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी और चित्रकूट में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं का शुभारंभ करेंगे. इस दौरान 1.10 करोड़ छात्रों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के जरिए राशि भेजी जाएगी और 951 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत होगी.

babli
Edited By: Babli Rautela
योगी सरकार का आज सबसे बड़ा ऐलान, करोड़ों छात्रों और लाखों शिक्षकों को मिलेगी बड़ी सौगात
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी और चित्रकूट से शिक्षा, जनकल्याण और विकास से जुड़ी कई अहम योजनाओं की शुरुआत करेंगे. बाबा श्री काशी विश्वनाथ की नगरी वाराणसी और भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट से होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए करोड़ों छात्रों, लाखों शिक्षकों और प्रदेश के विकास को नई गति देने का लक्ष्य रखा गया है.

वाराणसी में मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे. इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा. सरकार का उद्देश्य शिक्षकों और कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि वे बिना आर्थिक चिंता के इलाज करा सकें.

1.10 करोड़ छात्रों के अभिभावकों को मिलेगा डीबीटी का लाभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 1.10 करोड़ छात्रों के अभिभावकों के बैंक खातों में प्रति छात्र 1200 रुपये की राशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजेंगे. यह राशि विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दी जा रही है.

शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा

वाराणसी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता भी होगा. इस समझौते के माध्यम से प्रदेश के 10 लाख शिक्षकों और संविदा कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा. इससे उन्हें भविष्य में विभिन्न वित्तीय और सुरक्षा संबंधी लाभ मिल सकेंगे.

स्वच्छ और हरित विद्यालयों को मिलेगा सम्मान

मुख्यमंत्री इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ और हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को सम्मानित भी करेंगे. सरकार का मानना है कि स्वच्छ विद्यालय और बेहतर शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं.

वाराणसी के बाद मुख्यमंत्री चित्रकूट और माणिकपुर विधानसभा क्षेत्रों में 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में सड़क, बुनियादी ढांचा, सार्वजनिक सुविधाएं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई कार्य शामिल हैं. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.