menu-icon
India Daily

हमीरपुर के बाद आगरा में पुल हादसा, यमुना पर निर्माणाधीन स्लैब अचानक भरभराकर गिरा; जानें मजदूरों की स्थिति

आगरा के भोलपुरा गांव के पास यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल का 53 मीटर लंबा स्लैब गुरुवार को अचानक गिर गया. चलिए जानते हैं कैसी है वहां की स्थिति.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
हमीरपुर के बाद आगरा में पुल हादसा, यमुना पर निर्माणाधीन स्लैब अचानक भरभराकर गिरा; जानें मजदूरों की स्थिति
Courtesy: @madanmohansoni X account

आगरा: हमीरपुर में हुए दर्दनाक हादसे के एक सप्ताह के भीतर आगरा में यमुना नदी पर बन रहे पुल का एक बड़ा स्लैब अचानक गिर गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और वहां काम कर रहे मजदूर बाल-बाल बच गए.

यह हादसा आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में स्थित भोलपुरा गांव के पास हुआ, जहां यमुना नदी पर फिरोजाबाद को जोड़ने के लिए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण कार्य की जिम्मेदारी राजकीय सेतु निगम के पास है. जानकारी के अनुसार बुधवार को पुल पर 53 मीटर लंबा स्लैब स्थापित किया गया था.

कैसे हुआ हादसा?

गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे क्रेन की मदद से दूसरा स्लैब पिलर पर रखने की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान पहले से रखा गया 53 मीटर लंबा स्लैब अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा. वहां मौजूद लोगों के अनुसार कुछ ही सेकंड में पूरा ढांचा नीचे आ गया और जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी.

धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. पुल निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि हादसे से कुछ समय पहले ही सभी मजदूर खाना खाने के लिए वहां से हट गए थे. यदि मजदूर उस समय स्लैब के आसपास मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था.

प्रशासन ने क्या लिया एक्शन?

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. राजस्व निरीक्षक जितेंद्र सिंह और लेखपाल अजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. सेतु निगम के सुपरवाइजर शिवम चौहान ने बताया कि स्लैब लकड़ी के गट्टों पर रखा गया था और गट्टा निकल जाने के कारण स्लैब नीचे गिर गया.

फतेहाबाद की एसडीएम स्वाति शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया. प्रारंभिक जांच में किसी व्यक्ति या पशु की मौत अथवा चोट की सूचना नहीं मिली है. पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी.

पहले हुए हादसे में कितने लोगों की हुई थी मौत?

29 मई को हमीरपुर में आंधी-तूफान के बाद निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरने से छह मजदूरों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे. उस हादसे की जांच में निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी. आगरा की घटना के बाद एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं.