लखनऊ से आई एक खबर ने राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हर किसी को शोक में डाल दिया. भारतीय जनता पार्टी की महिला नेता और यूपी के महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव 38 साल की उम्र में अचानक दुनिया से अलविदा हो गए. इस बीच उनके बारे में जानने के लिए इंटरनेट खंगालने लगे. लेकिन इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा उनकी उन इंस्टाग्राम पोस्ट्स की होने लगी, जिन्हें अब लोग बार-बार पढ़ रहे हैं. हर पोस्ट में कहीं रोमांच दिख रहा है, तो कहीं गहरी भावनाएं छिपी नजर आ रही हैं. जान लें कि प्रतीक यादव पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे थे. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई भी थे.
मौत से कुछ समय पहले तक प्रतीक यादव सोशल मीडिया पर जिंदगी को पूरी शिद्दत से जीने की बातें कर रहे थे. कभी आसमान में खतरनाक हवाई करतबों का रोमांच, तो कभी अपनी पालतू ‘दुलारी’ के लिए बेहद भावुक शब्द. अब उनके जाने के बाद लोग यही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर उनकी आखिरी पोस्ट्स में ऐसा क्या था, जिसने हर किसी को भावुक और हैरान कर दिया.
एक और इंस्टाग्राम पोस्ट में उनके व्यक्तित्व का कहीं अधिक भावुक पहलू झलकता है और यह उनकी पालतू डॉगी दुलारी को समर्पित है. भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने लिखा, 'मेरी सबसे बड़ी बेटी. उसने मुझे प्यार दिया और प्यार करना सिखाया. वह मेरे हर अच्छे काम की प्रेरणा है. जानवरों के कल्याण के लिए मैंने जो भी काम किए हैं, वे सब उसी से मिली प्रेरणा और प्यार से प्रेरित हैं. उसने मुझे मातृत्व सिखाया. और उसने मुझे अपनी भाषा सिखाई, प्राणियों की सार्वभौमिक भाषा, चाहे कोई भी प्राणी हो. उसने मुझे बहुत कुछ दिया है. मेरी बेटी - दुलारी. 1 अक्टूबर 2007 - अनंत काल. उसने 13 जनवरी 2022 को इस दुनिया को अलविदा कहा. जीवन और उसके बाद... हमेशा मेरे साथ.'
3 अप्रैल को अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में, उन्हें एक जेट में सवार देखा जा सकता है, जिसमें उन्होंने स्टंट फ्लाइंग और खतरनाक हवाई करतबों के लिए इस्तेमाल होने वाले उच्च-प्रदर्शन वाले एरोबैटिक विमान एक्स्ट्रा ईए-300 में उड़ान भरने के अपने अनुभव के बारे में बताया. प्रतीक यादव आसमान में खतरनाक करतब दिखाने के रोमांच और उत्साह को व्यक्त कर रहे हैं और इसकी तुलना तेज जेट विमानों और एड्रेनालाईन से भरे उड़ान दृश्यों के लिए मशहूर फाइटर पायलट फिल्म 'टॉप गन' के एक दृश्य से कर रहे हैं. प्रतीक यादव ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'इंजन गरजा, आसमान खुल गया, और मैंने नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया. ईए 300 के अंदर - जी फोर्स का अनुभव, बादलों को चीरते हुए, और हवा में लुढ़कते हुए ऐसा लगा जैसे 'टॉप गन' का कोई दृश्य हो. तीव्र, तेज, अविस्मरणीय. एड्रेनालाईन अपने शुद्धतम रूप में.'