उत्तर प्रदेश में मानसून की चाल फिलहाल धीमी हो गई है. मानसून के उत्तर दिशा की ओर खिसकने के कारण सोमवार को प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. ललितपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, उत्तराखंड से सटे जिलों और बुंदेलखंड के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हुई.
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को लखनऊ समेत आसपास के जिलों में मौसम मिला-जुला रह सकता है. आसमान में हल्के बादल छाए रहने के साथ बीच-बीच में धूप निकलने की संभावना है. कुछ स्थानों पर हल्की और छिटपुट बारिश भी हो सकती है.
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में निम्नदाब का क्षेत्र बना हुआ है. इसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है. इसी वजह से गुरुवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से रविवार के बीच करीब 45 जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. मुख्य रूप से राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश का असर दिख सकता है.कुछ दिनों के भीतर मौसम धीरे-धीरे पूरे राज्य में बदल जाएगा. जिसके लिए लोगों ने अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है.
बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई. सोमवार को करीब 40 जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लखनऊ में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही. दोपहर करीब तीन बजे हल्की बारिश हुई, जिससे कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिली. हालांकि शाम होते-होते उमस फिर बढ़ गई. राजधानी में कुल 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी लखनऊ समेत कई इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं. कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. इसके बाद गुरुवार से बारिश का दायरा बढ़ सकता है.