उत्तर भारत के कई हिस्से अब तक तेज बारिश से अपेक्षाकृत दूर रहे थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों में मौसम ने करवट ली है. राजधानी दिल्ली में करीब दो सप्ताह से ज्यादा समय से उमस और गर्मी परेशान कर रही थी. अब पिछले दो दिनों में हुई बारिश ने लोगों को राहत दी है.
दिल्ली के अलावा भोपाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है.
दिल्ली-NCR में 11 अगस्त को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. 12 से 15 अगस्त के बीच भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. बारिश नहीं होने की स्थिति में भी मौसम सुहावना बना रह सकता है. उत्तर प्रदेश में पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिलेगा. मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और बस्ती समेत कई जिलों में भी तेज बारिश की संभावना है. राजधानी लखनऊ में भी मंगलवार को अच्छी बारिश हो सकती है.
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने भोपाल, देवास, इंदौर, मंदसौर, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर और उज्जैन समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. इंदौर में भी भारी बारिश की चेतावनी है.
बिहार के भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल में भारी बारिश का अनुमान है. वहीं कैमूर, रोहतास, बक्सर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण में आंधी-तूफान की चेतावनी है. उत्तराखंड में देहरादून, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर में भारी बारिश के साथ आंधी की संभावना है. देहरादून और हरिद्वार में तेज बारिश हो सकती है. गुजरात के छोटा उदेपुर, दाहोद, नर्मदा और पंचमहल में तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा है. गांधीनगर और अहमदाबाद में भी बारिश की संभावना है.