menu-icon
India Daily

हैवान बना पिता, ढाई साल की बेटी को पीटा और बार-बार नाली में फेंका; वीडियो हुआ वायरल

सुल्तानपुर में एक व्यक्ति को अपनी ढाई साल की बेटी के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट करने और उसे नाले में डुबाने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
हैवान बना पिता, ढाई साल की बेटी को पीटा और बार-बार नाली में फेंका; वीडियो हुआ वायरल
Courtesy: @divya_gandotra x account

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक पिता पर अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उसे नाले में डुबोकर मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मोनू उर्फ योगेंद्र सिंह के रूप में हुई है. घटना 30 मई की दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में आरोपी अपनी छोटी बच्ची को लात और घूंसों से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो में यह भी देखा गया कि वह बच्ची को बार-बार सड़क किनारे बने नाले में फेंकने और डुबाने की कोशिश कर रहा था. इस दौरान मासूम बच्ची चीखती और रोती हुई सुनाई दे रही थी.

कैसे हुआ वीडियो वायरल?

घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया था. बाद में यह वीडियो एक व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया गया, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया. वीडियो पुलिस तक पहुंचते ही अधिकारियों ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी.

पुलिस जांच में क्या आया सामने?

पुलिस जांच में सामने आया कि जब आरोपी बच्ची के साथ मारपीट कर रहा था, तब आसपास मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर बच्ची को बचाने की कोशिश की. लोगों के विरोध करने पर आरोपी और अधिक आक्रामक हो गया. आरोप है कि उसने पास के एक घर का दरवाजा जबरन खोलने का प्रयास भी किया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया. जिसके बाद अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और  मामले की विस्तृत जांच जारी है.