उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक व्यक्ति ने डेढ़ साल के बच्चे की जमीन पर पटककर हत्या कर दी. वह व्यक्ति बच्चे की मां से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला का कहना था कि उसका पहले से बच्चा है. जिसके बाद सनकी आशिक ने बच्चे की हत्या कर दी. अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
यह घटना शनिवार की है, जब आरोपी आरव को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ बाहर ले गया और फिर उसे बार-बार जमीन पर पटककर मौत के घाट उतार दिया. इस पूरी घटना के बारे में जब तक बच्चे के परिवार वालों को पता चला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तब बच्चे की मां ने बताया कि आरोपी लगातार उस पर शादी का दबाव बनाता था. लेकिन जब बच्चे का हवाला देते हुए उसके प्रस्ताव को मना कर दिया तब आरोपी बौखला कर उसकी हत्या कर दी. महिला ने कहा कि आरोपी उसके बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने ले गया था. लेकिन फिर उसकी हत्या कर दी. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार था, लेकिन फिर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी को मैनपुरी रोड पर स्थित 'बूढ़ा भरथरा' चौराहे के पास देखा गया है. पुलिस ने चार सदस्यों वाली एक टीम बनाई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी.
पुलिस ने बताया कि जब आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई तो वह पहले झाड़ियों में छिप गया और वहां से गोली चलाने लगा. जिसके बाद पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई. जिसमें से एक गोली आरोपी के पैरों में लग गई, गोली लगते ही वह घायल हो गया और वहां गिर गया.
आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और दो खाली खोखे बरामद किए गए. पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपने सारे जुर्म कबूल कर लिए. आरोपी ने बताया कि वह बच्चे की मां से शादी करना चाहता था, लेकिन बच्चे के कारण वह इसके लिए तैयार नहीं थी. जिससे मैं हताश हो गया और बच्चे की हत्या करने की योजना बनाई.