Mahakumbh Traffic Advisory: प्रयागराज के महाकुंभ संगम में हर रोज हजारों लोग पवित्र स्नान करने आ रहे हैं. हालांकि कुछ खास दिन ऐसे भी है जिसमें और भी ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. जिसमें से एक दिन 29 जनवरी का भी है. मौनी अमावस्या के दिन अमृत स्नान होने वाला है, जिसमें लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. आने वाली भीड़ को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस यातायात को मैनेज करने की पूरी तैयारी कर ली है.
महाकुंभ पहुंचने वाले किसी भी श्रद्धालुओं को दिक्कत ना हो इसके लिए खास इंतजाम किए गए हैं. यूपी पुलिस द्वारा ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है, जिसकी मदद से भीड़ पर नियंत्रण पाया जा सकता है.
माघी अमावस्या जिसे मौनी अमावस्या के रूप में भी जाना जाता है, यह हिंदुओं के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है. इस दिन की महत्ता को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. इस बात की जानकारी देते हुए यूपी पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है. जिसमें लिखा गया कि 'सभी श्रद्धालुओं के लिए एक सहज और सुरक्षित अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.'
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महाकुंभ क्षेत्र में वाहनों की अनुमति नहीं दी गई है और किसी भी सुरक्षा मुद्दे या भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए खास व्यवस्था की गई है. महाकुंभ क्षेत्र को 'नो-वीआईपी जोन' भी घोषित किया गया है. यहां तक कि 'अखाड़ों' को भी उन्हें आवंटित विशिष्ट स्लॉट के आधार पर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. रिपोर्ट में कहा गया है कि आवागमन में आसानी के लिए पोंटून पुलों पर एकतरफा यातायात होगा या फिर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें बंद भी किया जा सकता है.
महाकुंभ में पार्किंग व्यवस्था की बात की जाए तो अलोपी देवी मंदिर के बगल में पुराने जीटी रोड से, बाघंबरी रोड से होते हुए अलोपी देवी मंदिर के पास अस्थायी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पार्क किया जा सकता है. इसके अलावा बलसन चौराहे से हासिमपुर पुल होते हुए नागवासुकी रैंप के नीचे पार्किंग की व्यवस्था की गई है. साथ ही बलसन चौराहे से हासिमपुर पुल होते हुए बक्शी बांध से उतरते हुए पानी की टंकी के पास भी पार्किंग स्लॉट बनाया गया है. साथ ही तेलियरगंज, शिवकुटी और गोविंदपुर से गंगेश्वर मंदिर के पास एस्ट्रॉन चौराहे से होते हुए गंगेश्वर महादेव पार्किंग के पास की वयवस्था की गई है.