menu-icon
India Daily

शादीशुदा महिला के प्यार में शख्स बना हैवान, उसके डेढ़ साल के बच्चे को पटक-पटक कर दी दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक हैवान शख्स ने डेढ़ साल के मासूम की हत्या कर दी गई. आरोपी बच्चे की मां से शादी करना चाहता था और बच्चे को रिश्ते में बाधा मानता था.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
शादीशुदा महिला के प्यार में शख्स बना हैवान, उसके डेढ़ साल के बच्चे को पटक-पटक कर दी दर्दनाक मौत
Courtesy: x

फिरोजाबाद से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जिसके बारे में जानकर आपकी रूह कांप उठेगी. एक हैवान ने  एक डेढ़ साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से पटक पटककर हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, आरोपी उस बच्चे की मां से शादी करना चाहता था और बच्चे को अपने रिश्ते में सबसे बड़ी रुकावट मानता था. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें वह बच्चे को पटकता साफ नजर आ रहा है.

खौफनाक वीडियो आया सामने

जिस तरह से मासूम बच्चे की हत्या को अंजाम दिया गया वह हैरान करने वाला है. पुलिस के पास मौजूद सीसीटीवी फुटेज में आरोपी विराज को एक सुनसान गली में बच्चे को लेकर जाते हुए देखा जा सकता है. वह डेढ़ साल के आरव (जिसे कल्लू भी कहा जाता है) को अपने साथ ले जाता है और फिर अचानक उसे बेरहमी से जमीन पर पटकना शुरू कर देता है. वह एक बार नहीं, बल्कि बार-बार बच्चे को पटकता है और आखिरकार बच्चे की हरकतें बंद हो जाती हैं. जब बच्चे के परिवार वालों को इसका पता चला तो वह तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

टॉफी दिलाने के बहाने बुलाकर रची थी वारदात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां रति शुक्रवार को अपने मायके से अपनी बुआ के घर आई हुई थी. आरोपी विराज को जैसे ही पता चला कि रति वहां है, वह भी वहां पहुंच गया. उसने छोटे से आरव को टॉफी दिलाने का बहाना बनाकर उसे अपने साथ बहार बुलाया. मासूम को भनक तक नहीं लगी कि जिसके साथ वह जा रहा है, वह उसकी जान का दुश्मन है. इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गया और वहां उसके साथ जघन्य अपराध को अंजाम दिया. पूरी वारदात उसने इतनी जल्दी अंजाम दी कि आसपास के लोगों को कुछ भी भनक नहीं लग सकी.

शादी करने के लिए उतारा मौत के घाट

पुलिस ने बताया है कि विराज बच्चे की मां रति से प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था. हालांकि, रति की शादी सुमित से पहले ही हो चुकी थी और उसका एक बेटा भी था. आरोपी डेढ़ साल के इस मासूम को अपनी शादी की राह का सबसे बड़ा रोड़ा मान रहा था. परिवार वालों का आरोप है कि विराज ने यह हत्या इसलिए की ताकि रति से शादी करने में कोई बाधा न रहे. उसने बच्चे को खत्म करके अपनी मंजिल को आसान बनाने की सोची लेकिन उसकी इस बर्बरता ने उसे कातिल बना दिया. घटना के बाद विराज फरार हो गया है.

हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस

फिरोजाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है. बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा.