menu-icon
India Daily

AI से बनाई खुद की वर्दी वाली फोटो, लोगों पर दिखाता था धौंस; मेरठ में पकड़ा गया नकली दरोगा

मेरठ के किठौर क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है जो खुद को फर्जी दरोगा बताकर लोगों पर रौब जमाता था. चलिए जानते हैं जांच में क्या सामने आया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
AI से बनाई खुद की वर्दी वाली फोटो, लोगों पर दिखाता था धौंस; मेरठ में पकड़ा गया नकली दरोगा
Courtesy: Pinterest

मेरठ: मेरठ के किठौर थाना इलाके में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का इंस्पेक्टर बताकर लोगों को डराता था. अपनी पहचान असली दिखाने के लिए उसने न सिर्फ अपनी कार पर पुलिस लिखवाया था बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके पुलिस यूनिफॉर्म में अपनी फोटो भी बनवाई थीं. पुलिस जांच में उसके इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ.

जानकारी के मुताबिक किठौर पुलिस मवाना चौराहे पर गाड़ी चेकिंग कर रही थी. एक टाटा पंच कार को रोककर उसकी जांच की गई. पुलिस को कार पर शक हुआ क्योंकि उसके आगे के विंडशील्ड पर बड़े अक्षरों में पुलिस लिखा हुआ था. इसके अलावा डैशबोर्ड पर UP पुलिस इंस्पेक्टर की P-कैप मिली और कार के अंदर हैंगर पर पुलिस की यूनिफॉर्म भी टंगी हुई मिली. 

पूछताछ में क्या हुआ खुलासा?

पूछताछ में हुआ खुलासा पुलिस ने ड्राइवर से पूछताछ की तो उसने अपना नाम अमित बेटा नैपाल सिंह बताया, जो गांव अमीनाबाद बड़ा थाना परीक्षितगढ़ का रहने वाला है. युवक ने खुद को UP पुलिस में इंस्पेक्टर बताया. 

शुरुआती बातचीत में ही उसके जवाबों में गड़बड़ियां होने लगीं. किठौर के इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना ने उससे उसकी पोस्टिंग की जगह, भर्ती का साल और डिपार्टमेंट की जानकारी पूछी. सवालों का सही जवाब न दे पाने पर युवक घबरा गया. शक बढ़ने पर पुलिस उसे थाने ले आई और उसके मोबाइल फोन की जांच की. 

जांच में क्या आया सामने?

जांच में उसे यूनिफॉर्म में उसकी कई तस्वीरें मिलीं. टेक्निकल जांच में पता चला कि ये तस्वीरें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके बनाई गई थीं. पूछताछ में आरोपी ने माना कि वह लोगों पर रौब जमाने और कभी-कभी टोल टैक्स बचाने के लिए पुलिस ऑफिसर बनकर रहता था. आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने जब उसके घर की तलाशी ली तो उसे एक नेमप्लेट मिली जिस पर उसकी पहचान UP पुलिस ऑफिसर के तौर पर हुई थी. 

इससे साफ हो गया कि वह काफी समय से खुद को पुलिस ऑफिसर बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था. किठौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी पदों पर होने का झूठा दावा करके लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.