नोएडा के सेक्टर 74 में आईवी काउंटी हाईराइज रिहायशी सोसायटी में गुरुवार को एक बहुमंजिला टावर के 12वें फ्लोर के फ्लैट में अचानक आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और फ्लैट की खिड़कियों, बालकनी से ऊंची लपटें उठने लगीं. घना काला धुआं दूर से दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. वहां मौजूद लोगों के अनुसार आग लगते ही सोसायटी के लोगों में हड़कंप मच गया. कई निवासी अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए. ऊंची इमारत में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं.
क्योंकि आग 12वें फ्लोर पर लगी थी, इसलिए राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बन गया. दमकल कर्मियों ने हाइड्रोलिक क्रेन और दूसरे आग बूझाने वाले उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की. ऊंचाई और तेज लपटों के कारण आग बुझाने में खास सावधानी बरती जा रही है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने प्रभावित टावर के साथ साथ आसपास के फ्लैटों को भी खाली कराने का फैसला लिया. निवासियों को लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों के जरिए नीचे उतारा गया ताकि किसी भी प्रकार का जोखिम न रहे. कई परिवार अपने जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए.
घटना के दौरान सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है. हालांकि दमकल और बचाव दल लगातार यह सुनिश्चित करने में जुटे रहे कि कहीं कोई व्यक्ति फ्लैट के अंदर या धुएं से प्रभावित हिस्सों में फंसा न रह जाए. आग लगने के कारणों को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है. शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट या किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में खराबी की आशंका जताई जा रही है. कुछ लोगों का मानना है कि बालकनी में रखे किसी उपकरण या बिजली से जुड़े सामान के कारण आग भड़क सकती है. हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी.