गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया. शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा- 'चिंता मत करें, आपकी हर समस्या पर प्रभावी और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी.' उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे और सभी मामलों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए.
जनता दर्शन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित हुआ. मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे. कुर्सियों पर बैठे हर व्यक्ति से उन्होंने एक-एक कर बात की, उनकी अर्जियां लीं और पास खड़े अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए.
कुछ लोगों ने अपराध और जमीन कब्जा करने की शिकायत की. सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं होने दिया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई जरूर होगी.
कई लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने आए थे. मुख्यमंत्री ने अस्पतालों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज का अनुमान (इस्टिमेट) जल्दी तैयार किया जाए. उन्होंने कहा- 'इस्टिमेट मिलते ही सरकार तुरंत पैसे उपलब्ध करा देगी. कोई कष्ट नहीं होना चाहिए.'
जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ आई थीं. बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री का मन खिल उठा. उन्होंने बच्चों को गले लगाया, सिर पर हाथ फेरा और चॉकलेट भी बांटी. बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उन्होंने कहा कि वे पढ़ाई पर ध्यान दें और अच्छे इंसान बनें.
कार्यक्रम के दौरान एक अनोखा दृश्य भी देखने को मिला. जब मुख्यमंत्री बोल रहे थे, तो उनकी आवाज सुनकर गोरखनाथ मंदिर के गोवंश (गाय-बैल) दौड़ते हुए वहां पहुंच गए. यह नजारा सबका मन मोह गया.