menu-icon
India Daily

'जिसका DNA भारत का है उसके आदर्श श्रीराम...', रामभद्राचार्य की कथा में CM योगी का बड़ा मैसेज

सीएम योगी ने कहा कि जब-जब नकारात्मक शक्तियां सक्रिय होती हैं, तब वे समाज को बिगाड़ने और देश को नुकसान पहुंचाने का काम करती हैं. उन्होंने रावण का उदाहरण देते हुए चेतावनी दी कि लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसी गतिविधियां करने वालों का भी वही हश्र होगा जो रावण और उसके राक्षसों का हुआ था.

antima
Edited By: Antima Pal
'जिसका DNA भारत का है उसके आदर्श श्रीराम...', रामभद्राचार्य की कथा में CM योगी का बड़ा मैसेज
Courtesy: Pinterest

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी की श्री राम कथा के समापन अवसर पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि जिसका DNA भारत का है उसके आदर्श श्रीराम हैं. आज यानी मंगलवार को लखनऊ में चल रही 9 दिवसीय राम कथा का समापन हुआ. 

रामभद्राचार्य की कथा में CM योगी का बड़ा मैसेज

इस कार्यक्रम में शामिल होते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब-जब नकारात्मक शक्तियां सक्रिय होती हैं, तब वे समाज को बिगाड़ने और देश को नुकसान पहुंचाने का काम करती हैं. उन्होंने रावण का उदाहरण देते हुए चेतावनी दी कि लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसी गतिविधियां करने वालों का भी वही हश्र होगा जो रावण और उसके राक्षसों का हुआ था.

सीएम योगी ने कहा- 'भारत के DNA में राम हैं. श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान संतों ने इसे जन्म-मरण का मुद्दा बनाया था. यह किसी व्यक्ति को श्रेय दिलाने के लिए नहीं था, बल्कि इसलिए था क्योंकि भगवान श्री राम हमारे इतिहास और संस्कृति के सबसे बड़े आदर्श हैं. उनके मार्ग पर चलकर हर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है.' उन्होंने आगे कहा कि राम कथा केवल मंदिर या आस्था तक सीमित नहीं है. यह देश और दुनिया के लिए एक बड़ी सोच है. यह साधना व्यक्तिगत कल्याण के साथ-साथ पूरे समाज के मंगल के लिए है.

'रावण काल और आज की चुनौतियां'

मुख्यमंत्री ने रावण के समय की याद दिलाते हुए बताया कि उस दौर में नकारात्मक शक्तियों ने उत्तर भारत से लेकर बस्तर तक घुसपैठ कर सुंदर वनों और आश्रमों को उजाड़ दिया था. आज भी ऐसी ताकतें समाज को बंजर बनाने, शिक्षा संस्थानों को खराब करने और सकारात्मक माहौल को नष्ट करने की कोशिश करती हैं. 

सीएम योगी ने कहा कि समाज को तोड़ने वाली शक्तियां कभी जाति, कभी क्षेत्र और कभी भाषा के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश करती रहती हैं. लेकिन हमें रामभद्राचार्य जी की कथा के मूल संदेश को समझना चाहिए. 

राष्ट्रभक्ति पर जोर

उन्होंने साफ शब्दों में कहा- 'जो लोग भारत के प्रति निष्ठा नहीं रखते और भारतीय संस्कारों का सम्मान नहीं करते, उनके लिए भारत की धरती धर्मशाला नहीं हो सकती.' कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं ने सीएम योगी के इन विचारों का जोरदार स्वागत किया. जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी की कथा ने इन नौ दिनों में लाखों लोगों को राम भक्ति और सनातन मूल्यों से जोड़ा. 

सीएम योगी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि श्री राम के आदर्शों को अपनाकर ही समाज सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकता है. राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक गौरव को बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को राम के जीवन से सीख लेनी चाहिए.