यूपी: 9 जून, वही दिन है, जब पीएम नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. इस मौके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा, पीएम मोदी का यह ऐतिहासिक कार्यकाल भारत की जनता के अटूट विश्वास और लोकतंत्र की सबसे बड़ी जीत का प्रमाण है. यह क्षण देश के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ता है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नरेंद्र मोदी का नेतृत्व केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि देश की करोड़ों जनता की आकांक्षाओं और सपनों को साकार करने की एक अटूट साधना है. जब से पीएम मोदी ने देश की बागडोर संभाली, तब से भारत की पहचान और प्रतिष्ठा दुनिया में नए शिखर पर पहुंची है. उनकी दूरदर्शिता और निर्णय क्षमता ने देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है.
पीएम मोदी के 12 साल के शासन को याद करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह कालखंड भारत के लिए स्वर्णिम युग साबित हुआ है. इन वर्षों में देश ने आधारभूत ढांचे, डिजिटल क्रांति, किसानों की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है. अंत्योदय की भावना को सरकारी नीतियों में केंद्र में रखकर प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने आज ही के दिन 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेकर जनविश्वास, सेवा और सुशासन की ऐतिहासिक यात्रा को नई निरंतरता प्रदान की थी. इस गौरवपूर्ण अवसर पर यशस्वी प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई.
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 8, 2026
राष्ट्रसेवा,… pic.twitter.com/cc7B5uvEvc
मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन की एक नई परिभाषा गढ़ी है. उन्होंने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाते हुए जनता के प्रत्येक रुपये का सदुपयोग सुनिश्चित किया. इसी कारण जनता ने उन्हें लगातार तीन बार प्रचंड बहुमत देकर देश की सेवा का अवसर सौंपा है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'राष्ट्र प्रथम' की भावना से प्रेरित प्रधानमंत्री मोदी ने देश की सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया. चाहे सीमा पर सेना को मजबूत करने का निर्णय हो, या आतंकवाद के विरुद्ध कठोर कदम उठाने की बात हो, पीएम मोदी ने हमेशा देश के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. यही कारण है कि आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में खड़ा है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को उनके तीसरे कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारत 'विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा. उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल भी जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की नई इबारत लिखेगा.