menu-icon
India Daily

'बीजेपी ने योजना बनाई है, साथियों सावधान रहना...', आखिरी चरण की वोटिंग से पहले अखिलेश यादव को सताने लगा डर?

अखिलेश यादव वे उम्मीदवारों को लिखे संदेश में लिखा कि भाजपाई 'एक्जिट पोल' के बहकावे में ना आएं और पूरी तरह से चौकन्ना रहते हुए और अपना आत्मविश्वास बनाए रखते हुए डटे रहें.

India Daily Live
'बीजेपी ने योजना बनाई है, साथियों सावधान रहना...', आखिरी चरण की वोटिंग से पहले अखिलेश यादव को सताने लगा डर?
Courtesy: social media

UP News: कल यानी शनिवार (31 मई) को लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान है. ऐसा लगता है कि अंतिम चरण के मतदान से पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को बीजेपी से कोई खतरा महसूस हो रहा है. हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि आखिरी चरण से पहले अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और उम्मीदवारों के लिए एक संदेश जारी किया है और उन्हें बीजेपी से सतर्क रहने की अपील की है.

अखिलेश ने जताई आखिरी चरण के मतदान में धांधली की आशंका

अपने संदेश में अखिलेश यादव ने आखिरी चरण के मतदान में धाधली होने की आशंका जताई है. उन्होंने आगे कहा कि भाजपावालों ने यह योजना बनाई है कि कल शाम को चुनाव खत्म होते ही वो अपनी मीडिया मंडली से विभिन्न चैनलों पर यह कहलवाना शुरू कर देंगे कि भाजपा को लगभग 300 सीटों के आसपास बढ़त मिली हुई है. ऐसा कर वह आप लोगों का मनोबल गिराना चाहते हैं जिससे आपका उत्साह कम हो जाए और आप मतगणना के दिन सक्रिय न रहें और जिसका फायदा उठाते हुए भाजपा कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से मतगणना में धांधली कर सके.

'चुनाव जीतने के लिए वो कोई भी घपला-घोटाला कर सकते हैं'
पार्टी के कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि जो भाजपाई चंडीगढ़ के मेयर के चुनाव में कोर्ट द्वारा लगवाए गए कैमरों के सामने धांधली करने का बेशर्म दुस्साहस कर सकते हैं वो चुनाव जीतने के लिए कोई भी घपला-घोटाला करने के लिए उतारू हो सकते हैं. इसलिए सजग रहें.

'एक्जिट पोल के बहकावे में ना आएं'
सपा प्रमुख ने कहा कि मेरी आप लोगों से विशेष अपील है कि भाजपाई 'एक्जिट पोल' के बहकावे में ना आएं और पूरी तरह से चौकन्ना रहते हुए, अपना आत्मविश्वास बनाए रखते हुए डटे रहें और जीत के अपने मूल-मंत्र ‘मतदान भी सावधान भी’ को याद रखते हुए, जीत का प्रमाण-पत्र लेकर ही संविधान, लोकतंत्र और देश की जनता की जीत का उत्सव मनाएं.