बरेली: सुबह की सैर पर निकले एक किराना व्यापारी की निर्मम हत्या ने पूरे शहर को सदमे में डाल दिया था. अब पुलिस ने इस मामले का चौंकाने वाला खुलासा किया है. आरोपी ने दावा किया है कि उसके कान में जिन्न की आवाज आती थी और उसी ने हत्या करने को कहा था.
उत्तर प्रदेश के बरेली में यह घटना तब हुई जब सियाराम श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे. पुलिस ने 19 साल के मोहम्मद अरमान नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार आरोपी अरमान की मृतक सियाराम से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी. अरमान मानसिक रूप से बीमार था. वह सूखा नशा करता था और उसकी दवाइयां चल रही थीं. कुछ महीनों से दवाएं बंद करने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई. परेशानी बढ़ने पर उसने यह जघन्य अपराध कर दिया.
पूछताछ में अरमान ने पुलिस को बताया- 'मुझे बार-बार जिन्न की आवाज सुनाई देती थी. वह कहता था कि मार दो. सियाराम जी को देखकर भी वैसी ही आवाज आई, इसलिए मैंने उन्हें मार दिया.' आरोपी ने कहा कि उसे अक्सर लोगों को मारने की ऐसी ही आवाजें आती रहती थीं.
जांच में और एक बड़ा खुलासा हुआ. आरोपी के पिता को जब अपने बेटे द्वारा की गई हत्या का पता चला तो उन्होंने सबूत छिपाने की कोशिश की. पुलिस ने पिता को भी सबूत छिपाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि अरमान ने पहले कार से सियाराम जी को टक्कर मारकर गिराया. फिर कांच के टुकड़े से उनका गला रेत दिया और शरीर पर कई वार किए. घटना के बाद वह भाग निकला.
सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस की मदद की. कार का नंबर देखकर पुलिस आरोपी तक पहुंची. जांच में पता चला कि गाड़ी आरोपी के पिता के नाम पर दर्ज थी. पुलिस का कहना है कि अरमान पहले भी कुछ अन्य लोगों का पीछा कर चुका था. हालांकि उसकी मानसिक स्थिति के बारे में अंतिम फैसला डॉक्टरों की जांच के बाद ही लिया जाएगा.