menu-icon
India Daily

अमन यादव हत्याकांड: गोली मारने के बाद पुलिस ने बदमाश राका को किया गिरफ्तार, SO सहित 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

अमन यादव का अपहरण कर बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने हत्याकांड में शामिल बदमाश को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है.

Anuj
Edited By: Anuj
अमन यादव हत्याकांड: गोली मारने के बाद पुलिस ने बदमाश राका को किया गिरफ्तार, SO सहित 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

सुल्तानपुर: अमन यादव का अपहरण कर बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने हत्याकांड में शामिल बदमाश को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्त में आए बदमाश का नाम दीपक यादव उर्फ राका बताया जा रहा है. अमन यादव हत्याकांड के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चांदा पुलिस थाने के SO सहित 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है.

पुलिस ने बदमाश का किया एनकाउंटर

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि चांदा थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस ने फरार आरोपियों की घेराबंदी की. इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दीपक यादव उर्फ राका के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

3 आरोपी गिरफ्तार, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि इस मामले में अबतक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही है. वहीं, लापरवाही बरतने के आरोप में चांदा SO समेत 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है.

युवक को बेरहमी से पीटकर मौत के घाट उतारा

यह पूरी घटना चांदा क्षेत्र के साढ़ापुर गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, बीती रात लगभग 8 बजे कार सवार बदमाशों ने अमन का अपहरण कर लिया. उसके बाद बदमाशों ने युवक को बेरहमी से पीटकर मौत के घाट उतार दिया और शव को गोमती नदी में फेंककर फरार हो गए. युवक का शव रविवार की सुबह इब्राहिमपुर घाट के पास से बरामद हुआ था.

दौड़ा-दौड़ाकर बुरी तरह पीटा

जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात अमन यादव अपने चचेरे भाई को लेने चांदा जा रहा था. उसी समय रास्ते में कार सवार 5 से 6 हथियारबंद बदमाशों ने उसे जबरन रोका और उसका अपहरण कर एक स्कूल के मैदान में ले गए, जहां उसे दौड़ा-दौड़ाकर बुरी तरह पीटा गया. जमीन पर खून के निशान मिले है. सूचना मिलते ही चांदा और करौंदी कला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. शव की शिनाख्त अमन यादव के रूप में हुई.

CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी

पुलिस को घटना की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे बदमाश अमन को घेरते हैं, बेरहमी से पीटते हैं और फिर कार में डालकर भाग जाते हैं. पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. लोग कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं.