menu-icon
India Daily

'सबको साथ लेकर चलेंगे', मुलायम सिंह यादव की जयंती पर बोले अखिलेश; सपा कार्यालय में करवाया सुंदरकांड पाठ

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया. अखिलेश यादव ने नेताजी के सबको साथ लेकर चलने के सिद्धांत को आगे बढ़ाने की बात कही.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'सबको साथ लेकर चलेंगे', मुलायम सिंह यादव की जयंती पर बोले अखिलेश; सपा कार्यालय में करवाया सुंदरकांड पाठ
Courtesy: @ani_digital X Account

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया. इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नेताजी को याद करते हुए उनके सबको साथ लेकर चलने के सिद्धांत को आगे बढ़ाने की बात कही. उन्होंने 2027 में सपा की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये करने का ऐलान भी किया.

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की रविवार को जयंती मनाई जा रही है. इस अवसर पर लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके राजनीतिक योगदान को याद किया.

नेताजी ने सबको साथ लेकर चलना सिखाया

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि नेताजी के पास जो भी व्यक्ति मदद के लिए पहुंचा, उन्होंने उसकी सहायता की. उन्होंने हमेशा सबको साथ लेकर चलने का सिद्धांत अपनाया. समाजवादी पार्टी इसी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम करती रहेगी.

अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी जाएगी. उन्होंने उन बच्चों के प्रति आभार जताया, जो आज भी समाजवादी सरकार के दौरान लैपटॉप मिलने की बात स्वीकार करते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने KGMU और राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट के डॉक्टरों को भी पीजीआई की तरह सुविधाएं देने का काम किया था.

PDA आंदोलन को आगे बढ़ाने की तैयारी

अखिलेश यादव ने मौजूदा प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ऐसी सरकार है, जो देने से ज्यादा लोगों से छीनने का काम करती है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA आंदोलन को आगे बढ़ाएगी. इसके लिए उन लोगों को मनाने का प्रयास किया जाएगा, जो किसी वजह से पार्टी से नाराज होकर दूर चले गए हैं.

उन्होंने कहा कि जो लोग साथ छोड़ चुके हैं, उन्हें भी दोबारा साथ लाने का प्रयास किया जाएगा. अखिलेश ने विकास और विनाश का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोगों के हाथ में विकास की रेखा होती है, जबकि कुछ लोगों के हाथ में विनाश की रेखा होती है.

सीएम योगी और डिप्टी सीएम ने भी दी श्रद्धांजलि

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर नेताजी को नमन किया. योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव को उत्तर प्रदेश का पूर्व मुख्यमंत्री, देश का पूर्व रक्षा मंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित नेता बताया. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी. वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी मुलायम सिंह यादव को याद किया.

ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनकी पीढ़ी ने मुलायम सिंह यादव को धरतीपुत्र और नेताजी के रूप में जाना है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुलायम सिंह यादव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक पूरा राजनीतिक अध्याय हैं. उन्होंने समाजवादी आंदोलन को मजबूती देने और सामाजिक न्याय की आवाज बुलंद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

1992 में बनाई थी समाजवादी पार्टी

मुलायम सिंह यादव ने साल 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी. वह समाजवादी विचारक राम मनोहर लोहिया से प्रभावित थे. उनका जमीनी स्तर पर लोगों से गहरा जुड़ाव था. उन्होंने पिछड़े वर्गों, वंचितों, शोषितों और अल्पसंख्यकों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.

मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था. वह तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने. पहली बार 1989 में उन्होंने मुख्यमंत्री पद संभाला. इसके बाद 1993 और 2003 में भी प्रदेश की कमान संभाली. वह केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री भी रहे.

साल 1977 में उन्होंने पहली बार मंत्री पद संभाला था. वह राम नरेश यादव के नेतृत्व वाली जनता पार्टी सरकार में मंत्री बने थे. सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने में भी उनका योगदान रहा. मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था. उनकी जयंती पर एक बार फिर उनके राजनीतिक सफर और समाजवादी विचारधारा को याद किया जा रहा है.