गोरखपुर: योगी आदित्यनाथ ने नौजवानों को सलाह दी है कि वे रील्स के चक्कर में पड़ने की बजाय रीयल लाइफ की चुनौतियों को समझें, टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल वक्त बर्बाद करने में नहीं, कुछ नया सीखने के लिए करना चाहिए. योगी गोरखपुर में 50 हजार से ज्यादा कॉलेज छात्रों को टैबलेट बांट रहे थे. उन्होंने समझाया कि टैबलेट का करना क्या है. पहली बात तो ये कि जो युवा 18 साल के हो गए हैं, वे सबसे पहले टैबलेट पर चुनाव आयोग का ऐप डाउनलोड करें और अपना वोट बनवाएं.
जनसंख्या के हिसाब से उत्तर प्रदेश में 18-19 साल के नौजवानों के 84 लाख 47 हजार वोट होने चाहिए. अप्रैल में जो वोटर लिस्ट जारी हुई थी, उसमें 17 लाख 63 हजार नौजवान वोटर्स थे, लेकिन तीन दिन पहले जो ड्राफ्ट रोल प्रकाशित हुआ, उसमें ये संख्या घटकर 11 लाख 83 हजार रह गई. इसीलिए योगी ने नौजवानों को वोट बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया.
फिर हुई पढ़ाई की बात. योगी ने समझाया कि ये टैबलेट अपने आप में एक यूनिवर्सिटी है. इसमें उन्होंने Infosys की मदद से 18 हजार ऑनलाइन कोर्स इंस्टॉल कराए हैं, युवा जो कोर्स चाहें, उसकी पढ़ाई कर सकते हैं. लगे हाथ योगी ने युवाओं को reel और real life का फर्क़ भी समझा दिया.
योगी आदित्यनाथ की रणनीति स्पष्ट है. इस समय उनका पूरा फोकस महिलाओं और युवाओं पर है. योगी जानते हैं कि यूपी का लॉ एंड ऑर्डर उनकी सबसे बड़ी ताकत है, इसी से लोगों को चैन और सुकून मिला, यूपी को पूंजी-निवेश मिला. इसका सबसे ज्यादा प्रभाव महिला वोटर्स ने महसूस किया. लेकिन मोदी और योगी के सामने चैलेंज है कि युवा वोटर्स तक ये संदेश कैसे पहुंचाएं?
जो नए वोटर हैं, युवा हैं, उन्होंने यूपी के वो दिन नहीं देखे जब चारों तरफ डर का माहौल था, लड़कियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल था, इसलिए युवा वोटरों के लिए तुलना कर पाना मुश्किल है कि योगी ने क्या बदला, ये कितना मुश्किल काम था.
इसीलिए योगी ने 18 से 22 साल के युवाओं से अपील की है कि वे अपने दादा-दादी, माता-पिता, नाना-नानी और मामा-मामी से पूछें कि 2017 से पहले के यूपी की क्या हालत थी? नए लोगों को बड़ों से पुराने ज़माने की कहानी सुनने को मिलेगी तो उन्हें फर्क़ समझ में आएगा.