menu-icon
India Daily

वीडियो बनाते समय पलटी तेज रफ्तार कार, 18 साल के युवक की मौत, 4 घायल

मृतक सौरभ झकरा संभरपुर गांव का रहने वाला था. उसके पिता बलराम कुशवाहा IIT कानपुर में जलापूर्ति से संबंधित कार्य करते हैं. परिवार में सौरभ सबसे छोटा सदस्य था.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
वीडियो बनाते समय पलटी तेज रफ्तार कार, 18 साल के युवक की मौत, 4 घायल
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के कानपुर में चलती कार में वीडियो बनाते समय एक युवक की जान चली गई और चार लोग घायल हो गये. तेज रफ्तार कार समें सवार पांच युवक रील रिकॉर्ड कर रहे थे, इसी दौरान एक मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में पलट गई. इस हालसे में 18 वर्षीय सौरभ की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, सौरभ सनरूफ से बाहर बैठा हुआ था. कार पलटने से वह नीचे गिर पड़ा और वाहन की चपेट में आ गया. हादसा इतना भीषण था कि उसे गंभीर चोटें आईं. वहीं कार के अंदर बैठ उनके चार दोस्त वाहन में फंस गए. हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य चार युवकों का इलाज जारी है. हादसा शुक्रवार रात सचेंडी क्षेत्र के बछाऊपुर मोड़ के पास हुआ. हादसे के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही.

नेवी परीक्षा देकर लौट रहा था सौरभ

मृतक सौरभ झकरा संभरपुर गांव का रहने वाला था. उसके पिता बलराम कुशवाहा IIT कानपुर में जलापूर्ति से संबंधित कार्य करते हैं. परिवार में सौरभ सबसे छोटा सदस्य था. परिजनों के अनुसार, सौरभ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. शुक्रवार को वह नेवी भर्ती  परीक्षा देकर लौट रहा था. सौरभ को लेकर उनके परिवार के काफी सपने थे लेकिन उनकी मौत के साथ ही परिवार के सारे सपने बिखर गये. खबरों के मुताबिक, रात में कुछ दोस्त जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए सौरभ को अपने साथ ले गए थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ.

स्टंट करते वीडियो बना रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार युवक रास्ते में स्टंट करते हुए वीडियो बना रहे थे. बताया जा कि रील बनाते समय कार की रफ्तार काफी तेज थी जिसकी वजह से वह मोड पर अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे एक गड्ढे में जा गिरी. इस हादसे में सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई.

जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और वाहन में सवार युवक किस तरह से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे. वहीं सौरभ के घर मातम पसरा हुआ है.