उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां बहादुरगढ़ थाने में तैनात एक कांस्टेबल पर शिकायतकर्ता से घूस में जलेबी मांगने का आरोप लगा है. शिकायकर्ता ने कहा कि वह 26 अगस्त को अपने गुम हुए मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज कराने बहादुरगढ़ थाने गया थआ जहां एक होमगार्ड ने प्रार्थना पत्र पर मोहर लगाने के बदले उससे एक किलो जलेबी खरीदकर लाने को कहा. मामले के संज्ञान में आते ही आरोपी होमगार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
शिकायतकर्ता ने लाकर दी जलेबी
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कन्नौर निवासी चंचल कुमार का मोबाइल खो गया था. चंचल ने बताया कि जब वह इसकी शिकायत करने थाने में प्रार्थना पत्र लेकर आया तो प्रार्थना पत्र पर मोहर लगाने के लिए मिठाई मांगी गई. उसने कहा कि उससे कहा गया कि मिठाई लेकर आओ तब तुम्हारा काम करेंगे. चंचल ने कहा कि इस पर उसने 1 किलो मिठाई लाकर दी.
हापुड़
— Vipin Giri (@Giri4Vipin) August 26, 2024
बहादुरगढ़ थाना के मुंशी को पसंद है जलेबी, मुंशी ने फ़रियादी से कर दी जलेबी की डिमांड। मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट लिखाने आया था युवक। मुंशी ने प्रार्थना पत्र पर मोहर लगाने को लेकर मांगी 1 KG जलेबी। बहादुरगढ़ थाना का मामला @Uppolice @dgpup @igrangemeerut @SachinGuptaUP pic.twitter.com/eN7IEtmUcm
आरोपी होमगार्ड सस्पेंड
सीओ गढ़ आशुतोष शिवम ने बताया कि थाना बहादुरगढ़ पर एक व्यक्ति से उसके मोबाइल गुम हो जाने की तहरीर पर मुहर लगाने के नाम पर जलेबी की मांग करने के प्रकरण की जांच की गई है. इसके बाद एक होमगार्ड का नाम सामने आया है जिसे होमगार्ड कमांडेंट द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
थाना बहादुरगढ पर एक व्यक्ति से उसके मोबाइल गुम हो जाने की तहरीर पर मुहर लगाने के नाम पर जलेबी की मांग करने के प्रकरण की जांच कराए जाने पर एक होमगार्ड का नाम प्रकाश में आया है जिसको होमगार्ड कमांडेंट द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के संबंध में सीओ गढ़ @CopShivam की बाइट..! pic.twitter.com/HlJlXZKy7S
— HAPUR POLICE (@hapurpolice) August 26, 2024
मोबाइल खो जाने की शिकायत करने के लिए अब थाने आने की जरूरत नहीं
सीओ गढ़ आशुतोष शिवम ने बताया कि मोबाइल गुम हो जाने की शिकायत करने के लिए अब लोगों को थाने आने की जरूरत नहीं है. एक पहल स्कीम के अंतर्गत सभी थानों और चौकियों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं. मोबाइल गुम हो जाने की सूचना क्यू आर कोड को स्कैन कर सीधे सर्विलांस सेल को दी जा सकती है.