चंडीगढ़ में पशु-पक्षियों के संरक्षण और उनके समय पर उपचार को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. चंडीगढ़ पेट लवर्स एसोसिएशन ने घायल और बेसहारा पशु-पक्षियों की सहायता के लिए विशेष एंबुलेंस सेवा शुरू की है. इस सेवा का शुभारंभ भाजपा चंडीगढ़ के अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया.
इस पहल का उद्देश्य शहर में घायल, बीमार और असहाय पशु-पक्षियों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाना है, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके. शहर में अक्सर सड़क दुर्घटनाओं, बीमारी या अन्य कारणों से घायल होने वाले पशु-पक्षियों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती थी. नई एंबुलेंस सेवा शुरू होने से ऐसे जीवों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
चंडीगढ़ पेट लवर्स एसोसिएशन लंबे समय से पशु कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही है. संस्था के अध्यक्ष एवं स्टेट अवॉर्डी समाजसेवी विनोद कुमार (सोनू) ने वर्षों से पशु-पक्षियों की सेवा को अपना मिशन बनाया हुआ है. वर्तमान में वे चंडीगढ़ प्रशासन के बुड़ैल जेल स्थित जू के इंचार्ज के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उनके नेतृत्व में संस्था द्वारा हर वर्ष शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया जाता है. इसके साथ ही पक्षियों के लिए घोंसले, दाना-पानी के पात्र और अन्य आवश्यक सामग्री भी निःशुल्क वितरित की जाती है. संस्था का उद्देश्य बदलते पर्यावरण और बढ़ती गर्मी के बीच पक्षियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है.
कोरोना महामारी और लॉकडाउन के दौरान जब अधिकांश लोग घरों में रहने को मजबूर थे, उस समय भी सीपीएलए की टीम लगातार मैदान में सक्रिय रही. विनोद कुमार और उनके सहयोगियों ने शहरभर में घूमकर आवारा कुत्तों, पक्षियों तथा अन्य बेसहारा पशुओं के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की थी. संस्था के इस मानवीय कार्य को नागरिकों ने काफी सराहा था. पशु कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विनोद कुमार को चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम द्वारा स्टेट अवॉर्ड से सम्मानित भी किया जा चुका है.