menu-icon
India Daily

चितकारा यूनिवर्सिटी मामले में महिला आयोग का एक्शन, छात्राओं की गुमशुदगी के दावों पर पुलिस-प्रबंधन से मांगी रिपोर्ट

चितकारा यूनिवर्सिटी में सोशल मीडिया पर छात्राओं के सुसाइड और लापता होने की अफवाहों के बाद हुए विरोध प्रदर्शन पर पंजाब राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
चितकारा यूनिवर्सिटी मामले में महिला आयोग का एक्शन, छात्राओं की गुमशुदगी के दावों पर पुलिस-प्रबंधन से मांगी रिपोर्ट
Courtesy: @Nargis_Bano78 X Account

चितकारा यूनिवर्सिटी से जुड़ी सोशल मीडिया पर वायरल खबरों और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर पंजाब राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है. आयोग ने छात्राओं की सुरक्षा, कथित तौर पर छात्राओं के लापता होने के दावों और वायरल खबरों की सच्चाई को लेकर पटियाला के संबंधित पुलिस अधिकारियों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है. 

आयोग ने 30 सितंबर तक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं. पंजाब राज्य महिला आयोग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्राओं से संबंधित कुछ खबरें और जानकारियां मीडिया तथा इंटरनेट मीडिया पर सामने आई हैं. इसके बाद छात्रों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जाने की जानकारी भी सामने आई.

आयोग ने पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन से मांगी जानकारी 

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी मांगी है. आयोग ने यह भी पूछा है कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए गए हैं.

इन चार बिंदुओं पर मांगा जवाब

आयोग ने अधिकारियों से मुख्य रूप से चार बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है.

पहला: यूनिवर्सिटी कैंपस या हॉस्टल में किसी छात्रा के लापता होने या किसी अप्रिय घटना को लेकर पुलिस के पास शिकायत दर्ज हुई है या नहीं और यदि शिकायत हुई है तो उस पर क्या कार्रवाई की गई.

दूसरा: छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति संभालने के लिए यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से क्या प्रयास किए गए.

तीसरा: मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल खबरों या अफवाहों की सच्चाई की जांच के लिए पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई और इस संबंध में तथ्यात्मक स्थिति क्या है.

चौथा: छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी स्थिति को रोकने के लिए यूनिवर्सिटी की ओर से क्या कदम उठाए गए हैं.

30 सितंबर तक रिपोर्ट देने के निर्देश

पंजाब राज्य महिला आयोग ने संबंधित अधिकारियों को 30 सितंबर तक रिपोर्ट आयोग के समक्ष पेश करने के निर्देश दिए हैं. आयोग की रिपोर्ट में यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि वायरल दावों में कितनी सच्चाई थी और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर यूनिवर्सिटी तथा पुलिस ने क्या कदम उठाए.

चितकारा यूनिवर्सिटी में क्या हुआ था?

बताया गया कि 25-26 सितंबर 2026 की रात सोशल मीडिया पर चितकारा यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में भूत होने और छात्राओं के सुसाइड या लापता होने से जुड़ी अफवाहें वायरल हुई थीं. इन दावों के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आधी रात को हॉस्टल से बाहर निकल आए और कैंपस में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाया गया. इसके बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प की खबर सामने आई. सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई.

बाद में पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से आधिकारिक तौर पर बताया गया कि आत्महत्या या छात्राओं के गायब होने जैसी कोई घटना नहीं हुई थी. अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल दावे अफवाह थे. अब महिला आयोग ने पूरे मामले की तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन से रिपोर्ट मांगी है.