menu-icon
India Daily

LPU कैंपस बना जंग का मैदान: पुलिस की गाड़ियां फूंकीं; आखिर क्यों नाराज हैं छात्र?

 पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कथित दुष्कर्म और छात्र आत्महत्या को लेकर छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया. पुलिस की गाड़ियां फूंकी गईं और कैंपस में धमाके सुने गए.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
LPU कैंपस बना जंग का मैदान: पुलिस की गाड़ियां फूंकीं; आखिर क्यों नाराज हैं छात्र?
Courtesy: ANI

पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. कैंपस के अंदर धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और उपद्रवियों ने पुलिस की तीन गाड़ियों (SUVs) को आग के हवाले कर दिया. इस दौरान पथराव और कांच की बोतलें फेंके जाने से कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.

कथित दुष्कर्म और आत्हत्या के बाद बवाल

शनिवार को यूनिवर्सिटी में कथित दुष्कर्म और एक छात्र की आत्महत्या की खबरों के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था. प्रदर्शनकारी छात्रों ने दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया और कैंपस की संपत्तियों में तोड़फोड़ की. हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दुष्कर्म और आत्महत्या के दावों को खारिज करते हुए इसे असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाया गया भ्रम करार दिया है.

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला के अनुसार, हॉस्टल-3 में रहने वाली एक छात्रा के साथ तीन दिन पहले कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता अपने घर लौट चुकी है और उसके बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस तकनीकी व डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है.

छात्र सुरक्षा और तेलंगाना छात्र का मुद्दा

विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने 15 दिन पहले तेलंगाना के एक छात्र द्वारा की गई आत्महत्या का मुद्दा भी उठाया. पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 174 के तहत जांच शुरू कर दी है. डीआईजी ने बताया कि हॉस्टल सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़े मुद्दों को हल करने के लिए छात्र प्रतिनिधियों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन के साथ बैठक बुलाई गई है.