चंडीगढ़: पंजाब में मानसून की गतिविधियां मंगलवार तक सक्रिय रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ ने राज्य के नौ जिलों के लिए गरज चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. हालांकि बुधवार से पूरे राज्य में किसी भी तरह का मौसम अलर्ट नहीं रहेगा. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अगले दो से तीन दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो लोगों को एक बार फिर उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, रूपनगर, मोहाली, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन वहां किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 अगस्त के बाद पूरे पंजाब में मौसम सामान्य बना रहेगा. 5, 6 और 7 अगस्त के लिए किसी भी जिले में कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कहीं कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं. हालांकि व्यापक बारिश नहीं होने की स्थिति में वातावरण में नमी बढ़ेगी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.
सोमवार को हुई बारिश के कारण राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इसके बावजूद कई जिलों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. सबसे अधिक अधिकतम तापमान फरीदकोट में 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
इसके अलावा बठिंडा में 39.4 डिग्री, फाजिल्का में 37.6 डिग्री, फिरोजपुर में 36.2 डिग्री, बरनाला में 35.9 डिग्री, पटियाला में 35.3 डिग्री, संगरूर में 35.2 डिग्री, अमृतसर में 34.9 डिग्री, लुधियाना में 34.8 डिग्री, चंडीगढ़ में 34.7 डिग्री, मोहाली में 34.2 डिग्री, कपूरथला में 34.1 डिग्री, जालंधर में 34 डिग्री, पठानकोट में 33.4 डिग्री, रूपनगर में 32.7 डिग्री और श्री आनंदपुर साहिब में 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.