menu-icon
India Daily

पंजाब में आज बिगड़ेगा मौसम, 9 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट

पंजाब में मानसून की विदाई के बीच एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने 27 सितंबर को राज्य के 9 जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब में आज बिगड़ेगा मौसम, 9 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट
Courtesy: AI

पंजाब में मानसून की वापसी के बीच रविवार को कुछ इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला समेत कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है.

इन क्षेत्रों में हवा की गति करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तेज हवाओं के साथ होने वाली बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर यातायात और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए संबंधित इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

मानसून की लगभग विदाई

पंजाब में करीब 90 फीसदी हिस्से से मानसून की विदाई हो चुकी है. हालांकि, 21 सितंबर के बाद से पंजाब और हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में मानसून की गतिविधियां बनी हुई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों से भी मानसून के जल्द हटने की संभावना है. 27 सितंबर की बारिश के बाद राज्य में मौसम के एक बार फिर शुष्क होने का अनुमान है. 28 से 30 सितंबर के बीच पंजाब के अधिकांश हिस्सों में बारिश या आंधी को लेकर कोई चेतावनी नहीं है. ऐसे में अगले सप्ताह की शुरुआत से लोगों को साफ और धूप वाला मौसम देखने को मिल सकता है.

तापमान में हुआ मामूली बदलाव

बारिश और बादलों के बावजूद पंजाब के कई शहरों में शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. बठिंडा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. अमृतसर में 32.9 डिग्री, लुधियाना में 33 डिग्री, पटियाला में 31 डिग्री और जालंधर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. चंडीगढ़ में इस दौरान करीब 3.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को होने वाली बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रभावित जिलों में लोगों को तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है. खासकर बारिश के दौरान बिजली के खंभों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखना जरूरी होगा. हालांकि, 28 सितंबर से मौसम के सामान्य होने की संभावना है.