चंडीगढ़: पंजाब में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सुस्ती ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 25 जुलाई को प्रदेश के केवल तीन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है.
हालांकि 28 जुलाई से बारिश की गतिविधियां फिर तेज होने के संकेत हैं और कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इन तीनों जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, नवांशहर, बठिंडा, मानसा, संगरूर, बरनाला, मोगा, फरीदकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब सहित अन्य जिलों में कहीं कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
26 जुलाई को पूरे पंजाब के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. इस दिन अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. व्यापक वर्षा की उम्मीद नहीं है और मौसम सामान्य बना रह सकता है.
27 जुलाई को एक बार फिर मानसून कुछ सक्रिय होगा. मौसम विभाग ने पठानकोट और गुरदासपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में सामान्य मौसम रहने का अनुमान है.
28 जुलाई को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. विभाग ने पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, मोहाली और रूपनगर के लिए भारी से अति भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और उत्तर भारत में बनने वाली अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण 28 जुलाई से पंजाब में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतें.