menu-icon
India Daily

Punjab Weather: पंजाब में मानसून ने पकड़ा जोर, मौसम विभाग जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

पंजाब में 22 और 23 जुलाई के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. अमृतसर में सबसे अधिक 185 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Punjab Weather: पंजाब में मानसून ने पकड़ा जोर, मौसम विभाग जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
Courtesy: Pinterest

चंडीगढ़: पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग ने 22 और 23 जुलाई के लिए राज्य के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों से बचने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.

मंगलवार को भी पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा अमृतसर में 185 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. इसके अलावा पठानकोट में 77.5 मिलीमीटर, पटियाला में 1 मिलीमीटर और फिरोजपुर में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली.

कितना है वहां का तापमान?

तापमान की बात करें तो बठिंडा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद फिरोजपुर में 33.8 डिग्री, पटियाला में 33 डिग्री, फरीदकोट में 32.5 डिग्री, कपूरथला में 32.1 डिग्री और लुधियाना में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. फिलहाल तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है. लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार और 23 जुलाई को भी पंजाब के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. इसी को देखते हुए दोनों दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका बनी हुई है.

प्रशासन ने स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें. यदि कहीं जलभराव की स्थिति बनती है तो सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है.