पंजाब के फाजिल्का और अबोहर में मंगलवार को स्थानीय निकायों के दो महत्वपूर्ण चुनाव होने जा रहे हैं. पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद फाजिल्का नगर परिषद अध्यक्ष और अबोहर नगर निगम मेयर के चुनाव कराए जाएंगे. चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और चुनाव से जुड़े कर्मचारियों की तैनाती भी पूरी कर ली गई है.
डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू ने बताया कि फाजिल्का नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव दोपहर 2:15 बजे नगर परिषद कार्यालय में होगा. इसके बाद दोपहर 3 बजे जिला प्रशासनिक परिसर स्थित डीसी कार्यालय में अबोहर नगर निगम मेयर का चुनाव कराया जाएगा. दोनों चुनाव हाईकोर्ट द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप गोयल की निगरानी में संपन्न होंगे.
चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए फाजिल्का शहर के एसडीएम कार्यालय के पास स्थित सेवा केंद्र, नगर परिषद परिसर का सेवा केंद्र और एक फर्द केंद्र पूरे दिन बंद रहेंगे. प्रशासन के अनुसार इन केंद्रों के कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव कार्य में लगाई गई है. आम लोगों से वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की अपील की गई है.
चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गगन अजीत सिंह ने दोनों चुनाव स्थलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. सीसीटीवी कैमरों, बैरिकेडिंग और अन्य इंतजामों की समीक्षा की गई. चुनाव स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके.
पुलिस और जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों, पार्षदों और समर्थकों से लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव में भाग लेने की अपील की है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का लक्ष्य निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना है.
कुछ दिन पहले हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने एक सप्ताह के भीतर दोनों चुनाव कराने का भरोसा दिया था. अब उसी वादे के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया पूरी की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली गई हैं.