पंजाब के लुधियाना में एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. गाड़ी का हॉर्न बजाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया. घायल युवक स्थानीय कांग्रेस नेता का बेटा और होजरी कारोबारी बताया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
घटना लुधियाना के शिंगार सिनेमा के पास स्थित रणजीत सिंह पार्क इलाके की है. जानकारी के अनुसार, करण शर्मा देर रात अपनी कार से घर लौट रहे थे. उसी समय गली में एक अन्य कार पीछे की ओर की जा रही थी. रास्ता साफ करने के लिए करण ने हॉर्न बजाया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. कुछ ही मिनटों में मामला इतना बढ़ गया कि कथित आरोपी अपने साथियों के साथ मारपीट पर उतर आया. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन स्थिति तेजी से बिगड़ गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान मुख्य आरोपी घर के भीतर गया और तेजधार तलवार लेकर लौट आया. उसने करण शर्मा पर कई वार किए. हमले से बचने के लिए करण ने अपने हाथ आगे किए, जिससे उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए. डॉक्टरों के अनुसार, घायल युवक के हाथों में 100 से अधिक टांके लगाने पड़े. इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोग भी घायल हो गए. घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए और घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पीड़ित के पिता धर्मिंदर शर्मा के बयान के आधार पर मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. जांच अधिकारी एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.