menu-icon
India Daily

पंजाब सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 3 IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी; जानें किसे मिला कौन सा विभाग

पंजाब सरकार ने तीन वरिष्ठ IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है. अनुराग वर्मा को कृषि, जसप्रीत तलवार को राजस्व और अर्शदीप सिंह थिंद को ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग सौंपा गया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
पंजाब सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 3 IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी; जानें किसे मिला कौन सा विभाग
Courtesy: X

पंजाब सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए तीन वरिष्ठ IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं. अनुराग वर्मा को कृषि एवं किसान कल्याण, जसप्रीत तलवार को राजस्व तथा अर्शदीप सिंह थिंद को ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग मिला है. सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी तुरंत संभालने के निर्देश दिए गए हैं.

अनुराग वर्मा को कृषि विभाग की जिम्मेदारी

1993 बैच के IAS अधिकारी अनुराग वर्मा को अतिरिक्त मुख्य सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग बनाया गया है. वह पहले राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब वह अर्शदीप सिंह थिंद की जगह कृषि विभाग का काम देखेंगे. इसके साथ ही उन्हें परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. यह जिम्मेदारी पहले वरुण रूजम के पास थी. प्रशासनिक बदलाव के बाद वर्मा के पास राज्य के कृषि और परिवहन से जुड़े महत्वपूर्ण काम रहेंगे.

जसप्रीत तलवार को मिला राजस्व विभाग

1995 बैच की IAS अधिकारी जसप्रीत तलवार को अनुराग वर्मा की जगह अतिरिक्त मुख्य सचिव-कम-वित्तीय आयुक्त, राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है. उनके पास खान एवं भूविज्ञान और न्याय विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी बना रहेगा. इस बदलाव के साथ राजस्व से जुड़े अहम प्रशासनिक काम अब तलवार संभालेंगी. सरकार के आदेश के मुताबिक नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं और अधिकारियों को बिना देरी के नए पदों का कार्यभार संभालने को कहा गया है.

अर्शदीप थिंद को ग्रामीण विकास एवं पंचायत

2004 बैच के IAS अधिकारी अर्शदीप सिंह थिंद को प्रशासनिक सचिव, ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. वह अजित बालाजी जोशी की जगह यह काम संभालेंगे. थिंद को योजना विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है. वहीं बागवानी विभाग की जिम्मेदारी उनके पास पहले की तरह रहेगी. सरकार ने अजित बालाजी जोशी और वरुण रूजम के अन्य मौजूदा प्रभारों में बदलाव नहीं किया है. जोशी कराधान और सहकारिता विभाग देखते रहेंगे. वहीं रूजम खेल एवं युवा सेवाएं विभाग संभालेंगे.