चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने सफाई कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दी है. पांच साल की सेवा पूरी कर चुके अनुबंधित सफाई सेवकों को अब नियमित किया जाएगा. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस फैसले से हजारों सफाई कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षा मिलेगी.
स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि पांच साल पूरे कर चुके सफाई सेवकों के साथ साल 2021 में अनुबंध पर रखे गए कर्मचारियों को भी नियमित करने का लाभ मिलेगा. सभी नगर निकायों को जल्द ही सदन की बैठक बुलाकर प्रस्ताव पास करने और स्थानीय निकाय विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग इन प्रस्तावों को तुरंत मंजूरी देगा.
मंत्री ने कहा कि आउटसोर्स पर काम कर रहे सफाई सेवकों और सीवरमैनों को भी फायदा पहुंचाया जाएगा. जिन कर्मचारियों ने आउटसोर्स पर तीन साल की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें अब अनुबंध पर लिया जाएगा. विभाग ने इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.
सफाई कर्मियों के वेतन में बढ़ोतरी 1 अगस्त 2026 से लागू होगी. मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के साथ हुई बैठक में ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई है. इससे कर्मचारियों में काफी खुशी है.
इस फैसले के बाद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर कम होने वाला है. अधिकांश यूनियनों ने हड़ताल वापस लेने का फैसला कर लिया है. बाकी बची यूनियनों से भी अपील की गई है कि वे हड़ताल खत्म कर दें. मानसून के मौसम में सफाई व्यवस्था बिगड़ने से लोगों को परेशानी हो सकती है, इसलिए काम पर लौटना जरूरी है.