menu-icon
India Daily

पंजाब के मशहूर अमृतसरी कुलचे को जल्द मिलेगा GI टैग, फूड प्रोसेसिंग विभाग ने तेज की प्रक्रिया

अमृतसर की पहचान माने जाने वाले अमृतसरी कुलचे को जल्द जीआई टैग दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
पंजाब के मशहूर अमृतसरी कुलचे को जल्द मिलेगा GI टैग, फूड प्रोसेसिंग विभाग ने तेज की प्रक्रिया
Courtesy: Pinterest

पंजाब के मशहूर अमृतसरी कुलचे को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है. पंजाब सरकार के फूड प्रोसेसिंग विभाग ने इसे भौगोलिक संकेतक यानी जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी है. इसके लिए अमृतसर में एक अहम बैठक भी बुलाई गई है.

जीआई टैग के लिए तेज हुई तैयारी

अमृतसरी कुलचा लंबे समय से पंजाब की खान-पान संस्कृति का अहम हिस्सा रहा है. इसकी लोकप्रियता अब केवल पंजाब तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के कई राज्यों में भी इसे पसंद किया जाता है. इसी बढ़ती मांग के साथ इसकी नकल भी बड़े स्तर पर बनने लगी है. सरकार का मानना है कि इससे अमृतसरी कुलचे की असली पहचान प्रभावित हो रही है. इसी वजह से फूड प्रोसेसिंग विभाग ने इसे जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया शुरू की है. 19 जून को अमृतसर में होने वाली बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रमुख कुलचा निर्माताओं को भी बुलाया गया है, ताकि आगे की रणनीति तय की जा सके.

क्या होगा जीआई टैग का फायदा?

जीआई टैग किसी खास क्षेत्र से जुड़े उत्पाद को कानूनी पहचान देता है. इससे यह साबित होता है कि वह उत्पाद उसी क्षेत्र की विशेषता है. अगर अमृतसरी कुलचे को यह दर्जा मिल जाता है तो उसकी असली पहचान सुरक्षित होगी. साथ ही स्थानीय कुलचा निर्माताओं को भी बड़ा लाभ मिलेगा. बाजार में नकली उत्पादों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और ग्राहकों को असली अमृतसरी कुलचे की पहचान करना आसान होगा. इससे अमृतसर के खाद्य कारोबार को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.

समिति करेगी आगे की प्रक्रिया पूरी

इस पूरे अभियान को आगे बढ़ाने के लिए कई संस्थाओं को साथ जोड़ा जा रहा है. पंजाब स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय का फूड टेक्नोलॉजी विभाग, जिला प्रशासन और फूड प्रोसेसिंग विभाग मिलकर काम करेंगे. एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य कुलचा निर्माताओं का संगठन तैयार करना होगा. यही संगठन बाद में जीआई टैग के लिए आधिकारिक आवेदन करेगा.